
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के 10 राज्यसभा सीटों पर हो रहे चुनाव में सपा के आधा दर्जन से ज्यादा विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है. इसके चलते सपा के तीसरे राज्यसभा कैंडिडेट के जीतने की उम्मीदों पर पानी फिर गया है. सपा के सात विधायकों ने क्रॉस वोटिंग अभी तक की है, जिसके चलते बीजेपी के आठवें प्रत्याशी संजय सेठ का जीतना लगभग तय है. सपा के तीसरी कैंडिडेट आलोक रंजन की हार तय मानी जा रही है. सपा के जिन छह विधायकों ने बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में वोटिंग करने का काम किया है, वो सभी अखिलेश यादव के करीबी माने जाते हैं. ऐसे में राज्यसभा चुनाव में सपा के कौन-कौन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है, जिसे अखिलेश यादव के बड़ा झटका माना जा रहा है?
सपा के सात विधायकों ने क्रॉस वोटिंग करने वालों में राकेश पांडेय, मनोज पांडेय, विनोद चतुर्वेदी, अभय सिंह, राकेश प्रताप सिंह और मुकेश वर्मा हैं. इन छह विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में वोट किया है. इसके चलते ही सपा के तीसरे कैंडिडेट की जीत की सारी उम्मीदों पर पानी फिर गया है जबकि बीजेपी के आठवें कैंडिडेट संजय सेठ का जीतना तय है.
राज्यसभा की 10 सीटों पर 11 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं. विधायकों की संख्या के आधार पर सपा की दो राज्यसभा सीटों पर जीत तय है और बीजेपी के सात कैंडिडेट की जीत आसान है. ऐसे में राज्यसभा की 10वीं सीट के लिए बीजेपी और सपा के बीच मुकाबला हे. बीजेपी ने अपना आठवां राज्यसभा उम्मीदवार संजय सेठ को बनाया है, जिनके पक्ष में सपा के आधा दर्जन विधायकों ने वोट किया है.
वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश ने वरीयता के आधार पर पहले नंबर पर जया बच्चन, दूसरे नंबर पर रामजीलाल सुमन और तीसरी नंबर आलोक रंजन को रखा है.बीजेपी की तरफ से आरपीएन सिंह, चौधरी तेजवीर सिंह, अमरपाल मौर्य, संगीता बलवंत, सुधांशु त्रिवेदी, साधना सिंह, नवीन जैन और संजय सेठ मैदान में हैं. बीजेपी ने संजय सेठ को अपने आठवें उम्मीदवार के रूप में उतारा है, सपा विधायकों के जिस तरह से एक के बाद एक क्रॉस वोटिंग करने की खबरें आ रही हैं, उसके चलते बीजेपी के सभी उम्मीदवारों के जीत सुनिश्चित है. सपा के जया बच्चन और रामजीलाल सुमन की जीत तय है, लेकिन आलोक रंजन की राह अब आसान नहीं है.