
एजेंसी, नई दिल्ली। केंद्रीय चुनाव आयोग (EC) लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान की तारीखों का एलान करने जा रहा है। बीते दिनों से पूरे देश को इसका इंतजार था। आज दिन में 3 बजे दिल्ली के विज्ञान भवन में केंद्रीय चुनाव आयोग की प्रेस वार्ता होगी, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा चुनाव का पूरा शेड्यूल जारी किया जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि 6-7 चरणों में लोकसभा चुनाव हो सकते हैं। 2019 में 10 मार्च को चुनाव की तारीखों का एलान हुआ था और पहला मतदान 11 अप्रैल को हुआ था। तब 23 मई को मतगणना हुई थी। यहां देखिए लोकसभा चुनाव 2024 से जुड़ा हर अपडेट
भाजपा ने लांच किया ‘मेरा परिवार’ कैंपेन
लोकसभा चुनाव की तारीखों के एलान से पहले भाजपा ने ‘मेरा परिवार’ कैंपेन लांच किया।
मेरा भारत-मेरा परिवार मेरे दिल के घर में वो रहता मेरी फिक्र हमेशा करता है… दुख दर्द मेरा समझे वो, मेरी खुशी में शामिल रहता है… वो नहीं अकेला खड़ा यहां, मैं उसका संसार हूं… मैं मोदी का परिवार हूं…
पीएम मोदी की देशवासियों के नाम चिट्ठी
लोकसभा चुनाव की तारीखों के एलान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों के नाम चिट्ठी लिखी और विकसित भारत संकल्प के लिए सुझाव मांगे। सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत रूप से भेजे गए मैसेज में कहा गया- यह पत्र प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की अगुवाई वाली भारत सरकार के विकसित भारत संपर्क केंद्र द्वारा भेजा गया है। पिछले दस वर्षों में भारत सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ देश के 140 करोड़ से ज्यादा नागरिकों को मिला है एवं भविष्य में भी मिलता रहेगा। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए आपका साथ एवं आपका सुझाव बहुत महत्वपूर्ण है। अतः आपसे अनुरोध है कि योजनाओं को लेकर आपके विचार अवश्य लिखें।
कर्नाटक भाजपा में बगावत, ईश्वरप्पा लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव
कर्नाटक भाजपा के वरिष्ठ नेता केएस ईश्वरप्पा ने पार्टी से बगावत करते हुए शुक्रवार को घोषणा की कि वह लोकसभा चुनाव में शिमोगा से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरेंगे। उन्होंने बेटे केई कांतेश को हावेरी सीट से टिकट नहीं दिए जाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को जिम्मेदार ठहराया। येदियुरप्पा के बेटे और मौजूदा सांसद बीवाई राघवेंद्र को भाजपा ने शिमोगा से पार्टी प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने इस सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री एस बंगारप्पा की बेटी, कन्नड़ फिल्म स्टार शिवराजकुमार की पत्नी और दिवंगत अभिनेता डा. राजकुमार की पुत्रवधू गीता शिवराजकुमार को मैदान में उतारा है। भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को हावेरी सीट से मैदान में उतारा है। कर्नाटक में भाजपा को खड़ा करने का श्रेय ईश्वरप्पा, येदियुरप्पा और दिवंगत एचएन अनंत कुमार को दिया जाता है। ईश्वरप्पा ने कहा कि येदियुरप्पा ने उनके बेटे को टिकट दिलाने का आश्वासन दिया था और उनकी जीत के लिए प्रचार करने का वादा किया था, लेकिन अब उन्होंने उन्हें धोखा दिया है।