
कलेक्टर ने बोरीबुजुर्ग, दवाटिया, बसाली इत्यादि ग्रामों का किया भ्रमण
जिला ब्यूरो चीफ रेखा लहासे
बुरहानपुर/-आज कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल ग्राम बोरीबुजुर्ग, दवाटिया, बसाली इत्यादि ग्रामों के दौरे पर रही। उन्होंने ग्राम बोरीबुजुर्ग में निर्माणाधीन नवीन स्कूल भवन का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने किये जा रहे कार्यो का सूक्ष्मता से अवलोकन करते हुए नक्शें के हिसाब से तैयार किये जा रहे कक्षों, प्रयोगशाला एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में निर्माण एजेन्सी को गुणवत्ता के साथ शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने विद्यालय में प्रस्ताव अनुसार व्यवस्थित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पंचायत विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा निर्माण एजेंसी को निर्देशित भी किया। ग्राम चिखल्या में सम्पवेल निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने की बात कही। निरीक्षण की कड़ी में कलेक्टर सुश्री मित्तल ने ग्राम दवाटिया के हाट बाजार स्थल का भी मौका-मुआयना किया। उन्होंने साफ-सफाई, अन्य व्यवस्थाओं के लिए ग्राम पंचायत को निर्देशित किया। वहीं ग्राम दवाटिया एवं बसाली में किये जा रहे कार्यो का भी अवलोकन करते हुए निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर जनपद पंचायत सीईओ श्री भूमरकर, नायब तहसीलदार श्री दिनेश भावेदिया सहित अन्य अधिकारीगण व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।