
कुक्षी- धार – महू लोकसभा चुनाव के लिए विधानसभा क्षेत्र कुक्षी अन्तर्गत 273 मतदान केन्द्रों में से 43 मतदान केन्द्र क्रिटिकल होंगे । इन संवेदनशील मतदान केंद्रों में से दो मतदान केन्द्र वल्नरेबल होंगे । संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर उच्च स्तरीय पुलिस बल के साथ विडियोग्राफी की जावेगी तथा तीसरी आंख के रूप में कैमरे की नज़र होगी । किसी भी प्रकार की असामाजिक अथवा अनैतिक गतिविधि पर पैनी नजर रहेगी । कुक्षी विधानसभा क्षेत्र के लिए सहायक रिटर्निंग ऑफिसर व एसडीएम प्रमोदसिंह गुर्जर एवं एसडीओपी सुनील गुप्ता के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग व पुलिस विभाग का अमला अपनी सूक्ष्म निगरानी रखेगा। किसी भी स्थिति से निपटने पुलिस बल तैयारी कर चुका है । कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्वाचन की निष्पक्षता व पारदर्शिता के लिए तहसीलदार कुक्षी सहदेव मोरे , तहसीलदार डही काशीराम वास्कले , नायब तहसीलदार जागरसिंह रावत व नायब तहसीलदार भावना रावत अपने स्तर पर व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जुटे हुए हैं ।
निर्वाचन शाखा प्रभारी जीवन अलावा ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र कुक्षी अन्तर्गत कुक्षी विकासखण्ड में 20 , डही विकासखंड में 11 तथा निसरपुर विकासखंड में 12 क्रिटिकल मतदान केन्द्र हैं । ये मतदान केन्द्र तलावड़ी , आंवली , आसपुर , डोई , लोंगसरी , डेहरी , बड़ग्यार , कापसी , कुक्षी , सिलकुआ , गिरवान्या , हल्दी , ढोल्या , उमराली , फिफेड़ा , बड़दा , पड़ियाल , बड़वान्या , डही , कवड़ा , पिपलुद , धरमराय , भंवरिया , लोहारी , पिपल्या , निसरपुर व चिखल्दा में है । सात मतदान केन्द्र शेडो एरिया में हैं ।
निर्वाचन मीडिया नोडल अधिकारी मनोज साधु एवं सहायक नोडल अधिकारी इरफ़ान मसूरी ने जानकारी देते हुए बताया कि कुल 273 मतदान केन्द्रों में से 32 मतदान केन्द्र नगरीय क्षेत्र में तथा 241 मतदान केन्द्र ग्रामीण क्षेत्र में रहेंगे । इनमें कुक्षी जनपद क्षेत्र में में 94 , डही जनपद क्षेत्र में 97 तथा निसरपुर जनपद क्षेत्र में 82 मतदान केन्द्र होंगे । इन मतदान केंद्रों में कुक्षी थाना अन्तर्गत 159 मतदान केन्द्र , डही थाना क्षेत्र अंतर्गत 83 मतदान केन्द्र तथा बाग थाना क्षेत्र अंतर्गत 31 मतदान केन्द्र आते हैं । कुल 273 में से 230 सामान्य मतदान केन्द्र हैं । विधानसभा क्षेत्र में 273 में से 10 महिला मतदान केन्द्र रहेंगे जिन पर केवल महिला अधिकारी कर्मचारी नियुक्त होंगे । दो मतदान केन्द्रों का जिम्मा दिव्यांग वर्ग के निशक्त अधिकारी कर्मचारी संभालेंगे । दो मतदान केन्द्रों पर युवा वर्ग के अधिकारी कर्मचारी नियुक्त होंगे । छह मतदान केन्द्रों को आदर्श मतदान केन्द्र बनाया जा रहा है जो आकर्षण का केन्द्र रहते आए हैं । बांसठ मतदान केन्द्रों पर दो पुरूष व दो महिला अधिकारी कर्मचारी मतदान दल में शामिल रहेंगे । शेष मतदान केन्द्रों पर पीठासीन अधिकारी से लेकर मतदान अधिकारी क्रमांक एक, दो व तीन सभी पुरूष वर्ग से होंगे । इन 918 पीठासीन अधिकारियों व मतदान अधिकारी क्रमांक एक का द्वितीय प्रशिक्षण 18 से 20 अप्रैल को प्रस्तावित है ।