LIVE Lok Sabha Chunav 2024: गोमांस खाने और चरित्रहीन होने के विपक्ष के आरोपों पर कंगना ने दिया जवाब

एजेंसी, नई दिल्ली। Lok Sabha Chunav 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल को होना है। इससे पहले ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार जारी है। वहीं 12 अप्रैल, शुक्रवार से तीसरे चरण के नामांकन शुरू हो रहे हैं। तीसरे चरण में 7 मई को 13 राज्यों की 94 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। कुल मिलाकर जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, वैसे देश में सियासी पारा भी चढ़ रही है। नेता एक दूसरे पर हमला बोलने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। यहां पढ़िए 12 अप्रैल, शुक्रवार की हर चुनावी हलचल

 हिमाचल प्रदेश के मनाली में आयोजित रैली में मंडी से भाजपा प्रत्याशी और अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा, कांग्रेस के लोग करते हैं कि मैंने गोमांस खाया है, मैंने सबूत मांगा, लेकिन फिर उन्होंने कहा कि हमें इससे कोई लेना-देना नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि मैं अशुद्ध हूं और मेरे पास चरित्र नहीं है, लेकिन जब मैंने उन्हें अपना चरित्र दिखाया तो उन्होंने कहा कि मुझे मुद्दों की बात करना चाहिए।

 राजनाथ सिंह बोले- मोदी ने लागू करवाई वन रैंक वन पेंशन

 उत्तराखंड के चमोली में आयोजित रैली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने  कहा, सेना के प्रति हमारे प्रधानमंत्री के मन में कितना सम्मान है ये उत्तराखंड को बताने की कोई आवश्यकता नहीं है। मैं जब उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री था, उसी समय उत्तर प्रदेश का विभाजन हुआ और उत्तराखंड अलग राज्य बना था। उस समय भी पूर्व सैनिकों के द्वारा ये मांग होती थी कि ‘वन रैंक, वन पेंशन’ लागू की जाने चाहिए। 2013 में जब मोदी, पीएम पद के लिए उम्मीदवार घोषित हुए तो उस समय पार्टी का अध्यक्ष मैं ही था।  हरियाणा की एक बड़ी सभा में जाकर उन्होंने (पीएम मोदी) घोषणा की थी कि अगर हमारी सरकार बनेगी, तो हम ‘वन रैंक, वन पेंशन’ लागू करेंगे। सरकार बनते ही उन्होंने जरा भी देरी नहीं की और ‘वन रैंक, वन पेंशन’ लागू कर दिया।

स्मृति ईरानी का दावा- ‘राहुल गांधी ने वायनाड के लोगों को बताया ज्यादा वफादार, यह अमेठी का अपमान’

केंद्रीय मंत्री और यूपी की अमेठी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी पर निशाना साधा। स्मृति ईरानी ने कहा, आप सभी ने देखा होगा कि राहुल गांधी ने अपना नामांकन दाखिल किया और लिखित रूप से घोषणा की कि वायनाड उनका परिवार है। वहां तक ​​सब ठीक था। फिर हमने कर्नाटक के एक नेता से सुना कि राहुल गांधी ने कहा कि वायनाड के लोग अधिक वफादार हैं। 15 साल तक अमेठी की जनता ने एक निकम्मे सांसद को ढोया, जिसने कोई काम नहीं किया और जीतने के बाद भी गायब रहा, वायनाड उनका घर है? मैंने लोगों को रंग बदलते देखा है। यह पहली बार है जब मैंने राहुल गांधी को अपना परिवार बदलते देखा है।

 लालू की बेटी का मोदी-नीतीश पर हमला

राजद नेता और सारण सीट से लोकसभा उम्मीदवार रोहिणी आचार्य ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के अगल-बगल जितने लोग हैं, सब पर कार्रवाई होनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने सरकारी वॉशिंगमशीन में धुलाई करके सबको अपने पास बैठा लिया है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का रोड शो पर उन्होंने कहा, बेरोजगारी पर तो कोई बहस ही नहीं हो रही है… वे(नीतीश कुमार) अपना-हिसाब किताब जनता के बीच लेकर जाएं और जनता को अपने कामों का हिसाब-किताब दें।

jtvbharat
Author: jtvbharat