नेशनल लोक अदालत 11 मई को, बैठक आयोजित

जिला ब्यूरो चीफ रेखा लहासे

बुरहानपुर- राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार 11 मई, 2024 को नेशनल लोक अदालत आयोजित होना है। लोक अदालत के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती आशिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बैंक अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती आशिता श्रीवास्तव द्वारा बैंक अधिकारियों से प्री-लिटिगेशन एवं लिटिगेशन के प्रकरणों की प्रगति के संबंध में एवं ज्यादा-से-ज्यादा प्रकरणों को रैफर कर निराकृत किये जाने के संबंध में चर्चा की गई। उन्होंने समस्त बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम प्रकरणों की सूची, साथ ही प्री-लिटिगेशन के नोटिस शीघ्र-अतिशीघ्र प्रेषित करें, ताकि नोटिस की तामिली समय पर की जा सके। जिससे ज्यादा-से-ज्यादा प्रकरणों का निराकरण हो सके।
सचिव एवं जिला न्यायाधीश श्री इन्दु कान्त तिवारी ने बताया कि, 11 मई को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में प्रकरणों का ज्यादा-से-ज्यादा निराकरण किये जाने हेतु प्रत्येक बैंक को पक्षकारों की सुविधा हेतु एक हेल्प डेस्क स्थापित किया जाना चाहिए। जिससे पक्षकारों को सही मार्गदर्शन मिल सके एवं न्यायालय में लंबित विभिन्न समझौता योग्य मामलों के साथ ही विभिन्न प्रकार के प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का भी आपसी सुलह समझौते के आधार पर निराकरण किया जा सके। बैठक में बैंक ऑफ इंडिया से अग्रणी शाखा प्रबंधक श्री महावीर राय, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक, जिले की बैंक शाखाओं के नोडल अधिकारी तथा बैंक अधिकारीगण उपस्थित रहे।

jtvbharat
Author: jtvbharat