
कूलर ,पंखों के साथ रहेगी शीतल पेयजल की व्यवस्था
स्वास्थ्य विभाग की टीम रहेगी मौजूद
कुक्षी / धार महू लोकसभा क्षेत्र क्रमांक 25 के लिए 13 मई सोमवार को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए चुनाव पूर्व उन मतदान दलों की ट्रेनिंग होने जा रही है जो इस चुनाव को सम्पन्न कराएंगे । विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 198 कुक्षी में एसडीएम व सहायक रिटर्निंग ऑफिसर प्रमोदसिंह गुर्जर के मार्गदर्शन में 30 अप्रैल से 2 मई तक तीन दिवसीय ट्रैनिंग प्रातः साढ़े 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगी । 10 कक्षों में 20 मास्टर ट्रेनर्स इन मतदान दलों के पीठासीन अधिकारियों व मतदान अधिकारियों को सैद्धांतिक प्रशिक्षण के साथ मशीन संयोजन व सञ्चालन , हैंडसऑन , निर्वाचन कार्य में प्रयुक्त होने वाले विभिन्न प्रपत्रों को भरने तथा व्यवहारिक कठिनाइयों को दूर करने के लिए प्रशिक्षण देंगे । शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुक्षी में प्रशिक्षण नोडल अधिकारी तहसीलदार काशीराम वास्कले सहायक नोडल अधिकारी अनिल कुमार दलाल , नरेन्द्र कुमार सिर्वी , विनय खामगांवकर सहित प्रशिक्षण अधिकारियों की टीम द्वारा तैयारी कर ली गई है । प्रत्येक कक्ष में प्रोजेक्टर की व्यवस्था भी की गई है। शीतल पेयजल के साथ गर्मी को देखते हुए कक्षों में कूलर व पंखों की व्यवस्था की गई है। सिविल हॉस्पिटल की स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर्स की टीम भी प्रशिक्षण स्थल पर मौजूद रहेगी । महिला अधिकारी कर्मचारियों के छोटे बच्चों के लिए आंचल कक्ष भी बनाया गया है जहां महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं द्वारा बच्चो की देखभाल की जावेगी। इन बच्चों के लिए खिलोने आदि कक्ष में रहेंगे । कक्ष में कूलर पंखे व शीतल पेयजल की व्यवस्था रहेगी । उक्त जानकारी निर्वाचन मीडिया अधिकारी मनोज साधु व निर्वाचन शाखा प्रभारी जीवन अलावा ने दी ।