डंपर चढ़ाकर बाउंड्रीवॉल तोड़ी, चलाई गोलियां

एम्बुलेंस संचालकों में वर्चस्व की लड़ाई में वारदात
चार के खिलाफ दर्ज हुआ प्रकरण

जबलपुर। नेताजी सुभाष चंद बोस मेडिकल अस्पताल   परिसर में एम्बुलेंस माफिया बदमाशी की दम पर न केवल मरीजों को लूट रहे बल्कि गुंडागर्दी पर उतारू हो गए है। वर्चस्व की लड़ाई में अब एम्बुलेंस चालक एक दूसरे की जान के दुश्मन भी बन बैठे हैं। एम्बुलेेेंस संचालकों में वर्चस्व की लड़ाई गोलीबारी तक पहुंंच चुकी है। बीती रात तिलवारा थाना अंतर्गत शास्त्री नगर में एम्बुलेंस संचालन को लेकर एक एम्बुलेंस माफिया ने दूसरे एम्बुलेंस संचालक के घर की डंपर से दीवार तोड़ते हुए गोलियां चला दी और अपने साथियों के साथ फरार हो गया।  सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करने के बाद चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक मेडिकल कॉलेज में एंबुलेंस के कारोबार में वर्चस्व को लेकर गंगानगर निवासी बड्डू पटेल और शास्त्री नगर निवासी बबलू बाल्मीक के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। बबलू बाल्मीक बीते कई सालों से मेडिकल अस्पताल परिसर से एम्बुलेंस का संचालन कर रहा है। बबलू बाल्मीक की अनुमति के बिना कोई भी अपनी एम्बूलेंस नहीं चला सकता है। अब बबलू का वर्चस्व खत्म कर बड्डू पटेल और उसके साथी अपनी  धाक जमाने में उतर गए हैं। देर रात बड्डू पटेल, जित्तू पटेल अपने साथियों के साथ डंपर लेकर शास्त्री नगर बाजना मठ पहुंचा और बबलू बाल्मीक के घर की दीवार तोड़ते हुए हवाई फायरिंग करने के बाद फरार हो गया। बड्डू पटेल का आरोप है कि मेडिकल में एंबुलेंस चलाने के बदले में उससे पैसे की माँग कर रहा था उसने पैसा देने से मना किया तो उसने अपने साथियों के साथ दहशत फैलाने के उद्देश्य से दीवार तोडऩे के बाद फायरिंग की है।
मरीजों से लेकर लाशों को भी नहीं बख्शते
नेताजी सुभाषचंद्र बोस अस्पताल जबलपुर संभाग का सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां जबलपुर सहित करीब 10 जिलों के मरीज रेफर होकर उच्चस्तरीय इलाज के लिए आते हैं। एम्बुलेंस वाले मरीजों से मनमानी रकम वसूलने के साथ उनके साथ मारपीट करने पर तक उतारू हो जाते हैं। पूर्व कलेक्टर ने मेडिकल में एंबुलेंस माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही की थी लेकिन बाद में मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। एक बार फिर निजी एम्बुलेंस संचालक यहां कब्जा जमाकर बैठे हैं और मरीजों से लूट खसोट कर रहे हैं। मरीजों को लाने ले जाने से मोटी रकम वसूल रहे हैं। इतना ही नहीं शवों को ले जाने के लिए भी परिजनों से लूट खसोट कर रहे हैं। निजी अस्पतालों से भी तगड़ी सेटिंग कर रखी है, कमीशन के खेल में मनमानी करते हुए मरीजों को मेडिकल की बजाए निजी अस्पताल ले जाते हैं।
इनका कहना है
रात्रि सवा दो बजे जित्तू पटेल, बड्डू पटेल अपने दो अन्य साथियों के साथ पहुंचे और डंपर से दीवार तोड़ दी और फायरिंग की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है जिनकी तलाश जारी है।
बृजेश मिश्रा, तिलवारा थाना प्रभारी

jtvbharat
Author: jtvbharat