अबकी बार, बस नैया पार… सहयोगियों के भरोसे रहेगी BJP सरकार

नई दिल्ली: देश में किसकी सरकार बनेगी और किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी? यह आज शाम तक साफ हो जाएगा. लोकसभा चुनाव में देश की 543 सीटों पर रुझान आने लगे हैं. एग्जिट पोल के अनुमान की तुलना में इंडिया ब्लॉक कड़ी लड़ाई में देखा जा रहा है. बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए ने पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है. एनडीए को 280 से ज्यादा सीटें मिल गई हैं. इंडिया ब्लॉक भी 220 का आंकड़ा पार कर गया है. एनडीए की सरकार बनती है तो नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे और देश के दूसरे ऐसे नेता बन जाएंगे, जिन्होंने लगातार तीसरी बार पीएम बनने का रिकॉर्ड बनाया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड जवाहर लाल नेहरू के नाम पर है. इस बार 96.88 करोड़ मतदाताओं में से 64.2 करोड़ मतदाताओं ने वोट देकर रिकॉर्ड बनाया है.

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा खूंटी से पीछे चल रहे हैं
केंद्रीय जनजातीय कार्य एवं कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा झारखंड की खूंटी सीट पर 97,000 से ज्यादा वोटों से पीछे चल रहे हैं. इस सीट पर कांग्रेस के कालीचरण मुंडा आगे चल रहे हैं और उनकी जीत तय दिख रही है. अर्जुन मुंडा ने 2019 में कालीचरण मुंडा को महज 1,445 वोटों से हराया था.

पीएम मोदी शाम 7 बजे पार्टी दफ्तर पहुंचेंगे
लोकसभा चुनाव में NDA को बहुमत मिलते दिख रहा है. NDA 292 सीटों पर आगे है. नई सरकार बनाने की कवायद भी तेज हो गई है. एनडीए के बहुमत का आंकड़ा पार होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 7 बजे बीजेपी कार्यालय पहुंचेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे.

कोयंबटूर में अन्नाद्रमुक कार्यालय में सन्नाटा
कोयंबटूर में अन्नाद्रमुक कार्यालय में सन्नाटा पसरा है. यहां पार्टी के उम्मीदवार सिंगाई रामचंद्रन तीसरे नंबर पर चल रहे हैं. कोयंबटूर परंपरागत रूप से अन्नाद्रमुक का गढ़ रहा है. पार्टी का क्षेत्र में तीसरे नंबर पर आना एक बड़ा झटका माना जा रहा है.

अमित शाह ने जीतन राम मांझी को फोन पर बधाई दी
लोकसभा चुनाव में कई सीटों पर नतीजे भी घोषित किए जाने लगे हैं. बिहार में जदयू सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है और 14 सीटों पर बढ़त बनाए है. बीजेपी 12 सीटों पर आगे है. LJP (R) 5, HAM 1 सीट पर आगे है. इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जीतनराम मांझी को फोन किया है और बधाई दी है. शाह ने मांझी को बुधवार को दिल्ली में आयोजित NDA नेताओं की बैठक में शामिल होने का न्योता दिया है.

अनंतनाग-राजौरी सीट पर महबूबा मुफ्ती ने हार स्वीकारी
पीडीपी प्रमुख और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट पर हार स्वीकार कर ली है. यहां नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता मियां अल्ताफ बढ़त बनाए हुए हैं. अल्ताफ एक आध्यात्मिक नेता हैं. पूरे जम्मू-कश्मीर में गुज्जर और बकरवाल समुदाय से जुड़े लोग उनका काफी सम्मान करते हैं.

जालंधर में चन्नी, जयपुर में मंजू शर्मा जीतीं
चुनाव आयोग ने कई सीटों पर विजेताओं की घोषणा शुरू कर दी है. कांग्रेस उम्मीदवार और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी जालंधर से चुनाव जीत गए हैं. चन्नी ने जालंधर में भाजपा के सुशील कुमार रिंकू को हराया है और 1,75,993 वोटों से जीत हासिल की है. दलित नेता चन्नी को 390,053 वोट मिले. वहीं रिंकू को 2,14,060 वोट मिले. जयपुर से भाजपा की मंजू शर्मा ने जीत हासिल की है. मंजू ने 331767 वोटों से चुनाव जीता है. मंजू को 886850 वोट मिले. कांग्रेस के प्रताप सिंह खाचरियावास को 555083 वोट मिले.

रुझानों में बीजेपी को अकेले दम पर बहुमत नहीं
लोकसभा चुनाव के रुझानों में एनडीए और इंडिया ब्लॉक में कांटे की टक्कर देखी जा रही है. NDA 294, इंडिया ब्लॉक 232 सीटों पर आगे है. किसी दल को बहुमत नहीं मिला है. देश में गठबंधन की सरकार बनने के आसार बढ़ रहे हैं.

किशोरी भैया, मुझे कोई शक नहीं था… अमेठी के रुझान पर बोलीं प्रियंका
अमेठी में कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा लगातार बढ़त बनाए हुए हैं. बीजेपी की स्मृति ईरानी 95962 वोटों के लंबे अंतर से पिछड़ गई हैं. किशोरी को अब तक 335943 वोट, स्मृति को 239981 वोट मिले हैं. इस बीच, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है और लिखा, किशोरी भैया, मुझे कभी कोई शक नहीं था, मुझे शुरू से यकीन था कि आप जीतोगे. आपको और अमेठी के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई.

 

jtvbharat
Author: jtvbharat