
जिले के पारदी बदमाशों द्वारा गत् माह राजस्थान के मनोहर थाना कस्बे में ज्वैलर्स की दुकान से
चोरी किये गये करीबन 53 लाख के 54.300 किलोग्राम चांदी के जेबर जमीन खोदकर निकाले
जिला ब्यूरो चीफ राजेश माथुर गुना:- पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिंहा के दिशा निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध एवं अपराधियों पर निरंतर कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमति दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में जिले के धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह चौहान एवं उनकी टीम द्वारा आज से लगभग एक माह पूर्व राजस्थान के मनोहर थाना कस्बे में एक ज्वेलर्स की दुकान से 50 किलोग्राम से भी अधिक बजनी चांदी के जेबरात चोरी की घटना में चोरी गए चांदी के संपूर्ण जेबर बजनी 54.300 किलोग्राम कीमती करीबन 53 लाख रूपये की चांदी के जेबर बरामद करने में उल्लेखनीय कामयाबी हासिल की गई है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत् 11 जुलाई को जिले के धरनावदा थाना प्रभारी को खास मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि आज से करीबन एक माह पहले राजस्थान के मनोहरथाना कस्बे में सोने-चांदी की एक दुकान से भारी मात्रा में चांदी की रकम चोरी हुई थी, इस चोरी का माल ग्राम बीलाखेड़ी में सगुन बाई पारदी के खेत में गाड़कर रखा हुआ है । इस सूचना के मिलते ही एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमति दीपा डोडवे हमराह धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह चौहान एवं टीम के साथ सूचना की तस्दीक हेतु तत्काल ग्राम बीलाखेडी पहुंची और जहां पर पुलिस द्वारा अपनी सूझबूझ का परिचय देकर सगुन बाई पारदी के खेत में मुखबिर द्वारा बताई जगह पर खुदाई करबाई गई । इस खुदाई में कपड़े की एक बड़ी पोटली मिली जिसे खोलकर देखने पर उसमें कपड़े की अलग-अलग पोटलियों में चांदी के जेबर रखे हुए मिले, जिनका बजन करने पर पोटलियों सहित 59.550 किलोग्राम बजन पाया गया एवं चांदी की रकमों को अलग से तौलने पर चांदी का कुल बजन 54.300 किलोग्राम पाया गया । चांदी की उक्त पोटलियों में कपिल अग्रवाल नाम के व्यक्ति का एक आधार कार्ड भी मिला । मौके से बरामद 54.300 किलोग्राम चांदी कीमती करीबन 53 लाख रुपये को धरनावदा थाना पुलिस द्वारा विधिवत धारा 106 बीएनएसएस के तहत जप्त कर बरामद चांदी के संबंध में थाना मनोहरथाना पुलिस से संपर्क किया गया, जिसमें मनोहरथाना पुलिस ने बताया कि आज से करीबन एक माह पहले दिनांक 12-13 जून 2024 की रात्रि में मनोहर थाना कस्बा निवासी भंवरलाल अग्रवाल की सोने-चांदी की दुकान से करीबन 50 किलोग्राम से भी अधिक चांदी के जेबरों की चोरी हुई थी । इस घटना पर से थाना मनोहरथाना में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अप.क्र. 242/24 धारा 457, 380 भादवि का अपराध दर्ज है, साथ ही चोरी हुए माल का हुलिया एवं कपिल अग्रवाल नाम का एक आधार कार्ड भी माल के साथ चोरी होना बताया गया, जिससे उक्त बरामद माल की थाना मनोहर थाना के अप.क्र. 242/24 में चोरी हुए माल से पुष्टि होने पर उक्त चोरी का माल धरनावदा थाना पुलिस द्वारा बरामद किए जाने की सूचना थाना मनोहरथाना पुलिस को दी गई है । साथ ही बरामद हुई चांदी की चोरी के प्रकरण के अज्ञात आरोपियों के संबंध में धरनावदा थाना पुलिस द्वारा अपने मुखबिर तंत्र एवं ग्रामीणों से जानकारी जुटाने के प्रयास किये जा रहे हैं ।
इस प्रकार धरनावदा थाना पुलिस द्वारा राजस्थान के थाना मनोहरथाना के अपराध में चोरी गये माल कीमती करीबन 53 लाख रुपये के चांदी के जेबरों की रिकवरी की गई है, जो कि संपत्ति संबंधी मामलों में माल रिकवरी की गुना जिले में अभी तक की संभवतः सबसे बड़ी सफलता है ।
एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमति दीपा डोडवे के नेतृत्व में धरनावदा थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह चौहान, उपनिरीक्षक जयनारायण शर्मा, झागर चौकी प्रभारी सउनि संतोष तिवारी, सउनि राजेश कुमार भिलाला, सउनि सीताराम धुर्वे सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही है ।