
जिला ब्यूरो
झाबुआ 28 सितम्बर, 2024:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश में सोयाबीन उपार्जन एवं खाद-बीज उपलब्धता और वितरण के संबंध में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री द्वारा उर्वरक की कालाबाजारी करने वालों, मिलावट, मिस ब्रांडिंग और नकली उर्वरक खपाने वालों पर पुलिस के सहयोग से कठोर कार्रवाई हो। उर्वरक के अवैध परिवहन पर नियंत्रण के लिए एक जिले से दूसरे जिले में उर्वरक मूवमेंट पर सतत निगरानी जरूरी है। सभी जिलों में खाद और बीज वितरण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वितरण केंद्रों पर खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और किसानों को बिना परेशानी और देरी के वितरण सुनिश्चित करने के लिए समय रहते आवश्यक व्यवस्था की जाएं। जिलों के प्रभारी मंत्री अपने-अपने प्रभार के जिलों में खाद और बीज वितरण व्यवस्था की बैठक कर समीक्षा करेंगे। सोयाबीन उपार्जन हेतु पोर्टल में किसानों का पंजीयन 25 सितम्बर से 20 अक्टूबर 2024, किसानों का सत्यापन 25 सितम्बर से 25 अक्टूबर 2024, उपार्जन केंद्रों का निर्धारण 15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2024, किसानों द्वारा स्लॉट बुकिंग 20 अक्टूबर से 21 दिसम्बर 2024 एवं उपार्जन अवधि 25 अक्टूबर से 31 दिसम्बर 2024 तक निर्धारित की गई है।
इसी के साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा समस्त जिला कलेक्टर को वर्षा के कारण खराब फसलों का आंकलन करने के निर्देश दिए। क्षति के आंकलन को कलेक्टर्स गंभीरता से लेकर कार्य करे। आने वाले त्योहारों के समय कानून एवं व्यवस्था बनाएं । सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों का निरीक्षण करे। इस वीडियो कांफ्रेंसिंग में जिले से कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल, मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान एवं संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।