
बदनावर। राजेश चौहान ।
फ्रेंड्स ग्रुप द्वारा नवरात्रि में चुनरी कलश यात्रा निकालने की तैयारी के सिलसिले में प्राची श्री रिसोर्ट पर बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री बैजनाथ महादेव मंदिर में भोलेनाथ का लगातार दर्शनीय श्रृंगार करने के उपलक्ष में स्थानीय कलाकार महेश पंवार, का भी सम्मान किया गया।
बैठक में अध्यक्ष कैलाश गुप्ता ने बताया कि इस बार नवरात्रि में 8 अक्टूबर मंगलवार को भव्य चुनरी कलश यात्रा श्री बैजनाथ महादेव मंदिर से मां एकवीरा देवी मंदिर तक निकाली जाएगी। जहां पहुंचकर देवी को चुनरी ओढ़ाई जाएगी। 555 फीट लंबाई की चुनरी यात्रा करीब चार किमी चलकर मंदिर पहुंचेगी।
गुप्ता ने बताया कि यात्रा सुबह 10 बजे शुरू होगी तथा नगर के प्रमुख मार्गो से होती हुई दोपहर में एकवीरा मंदिर पहुंचेगी। जहां चुनरी ओढ़ने के बाद महा आरती की जाएगी। चुनरी कलश यात्रा में शामिल महिलाओं एवं श्रद्धालुओं के लिए फरियाली खिचड़ी की प्रसादी बांटी जाएगी। विजयादशमी के दिन एकवीरा मंदिर में महाप्रसादी के रूप में नुकती प्रसादी भी बांटी जाएगी। प्रसाद वितरण का यह तीसवां वर्ष होगा।
सम्मान कार्यक्रम में महेश पंवार तथा उनके पुत्र माधव का सम्मान करते हुए उनके द्वारा श्रृंगार किए गए भोलेनाथ के विभिन्न स्वरूप की बैजनाथ महादेव की तस्वीर भेंट कर शाल श्रीफल दिया गया।
मालूम हो कि महेश पंवार पिछले कई वर्षों से लगातार श्रावण मास में प्रति सोमवार व अन्य विभिन्न तीज त्योहारों पर बैजनाथ महादेव का मंत्र मुग्ध कर देने वाला श्रृंगार करते आए हैं तथा इसका कोई पारिश्रमिक भी नहीं लेते हैं। कार्यक्रम में बैजनाथ महादेव मंदिर के पुजारी सूरजपुरी गोस्वामी का भी सम्मान किया गया। उनका पुजा का कार्यकाल नवरात्रि में समाप्त हो रहा है। उनके कार्यकाल में मंदिर में कई ऐतिहासिक, दर्शनीय कार्य संपन्न हुए हैं।
बैठक में गुप्ता के अलावा मुकेश होती, अश्विन पाटीदार, दिनेश पाटीदार, दीपक श्रीवास्तव, महिपालसिंह राठौर, दिनेश गुप्ता, राजेश भाटी, संदीप माहेश्वरी, लालचंद पाटीदार, रामेश्वर पाटीदार, पारस सेठिया, संजीव शर्मा, मनीष शर्मा, दीपक सुंदेचा, प्रेरणा दीदी सहित सैकड़ों सदस्य मौजूद थे।