दोपहर बाद स्कूलों में ताले बंद पाए गए

कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षक निरंकुश

(विशाल बाबा नामदेव)

बाग : विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने दोपहर बाद भमोरी संकुल की स्कूलों का निरीक्षण किया । दोपहर बाद निरीक्षण के दौरान दो स्कूले बंद पाई गई । शिक्षण सत्र शुरू होने के तीन माह बीत जाने के बाद भी आदिवासी बाहुल्य बाग ब्लॉक की ग्रामीण स्कूलों में दो बजे स्कूल की छुट्टी कर दिए जाने की परंपरा बन चुकी है । निरीक्षण के दौरान बंद पाई जाने वाली स्कूलों के शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होने के चलते निरंकुशता का माहौल बन चुका है । बीईओ के लगातार निरीक्षण करने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षण व्यवस्था जस की तस बनी हुई है । स्कूलों के निरीक्षण करने वाले प्रमुख जिम्मेदार बीआरसी की अरुचि के चलते ग्रामीण क्षेत्र में आशाजनक परिणाम की उम्मीद बेमानी होगी ।

बीईओ अरविंद नायक के भमोरी संकुल की स्कूलों का दोपहर बाद निरीक्षण करने के दौरान प्रा विद्यालय भमोरी और कन्या प्रा शाला बरखेड़ा बंद पाई गई ।

कमिश्नर के संज्ञान पर बनी कमेटी ने आज तक जांच नही की

बाग ब्लॉक में ग्रामीण स्कूलों में ताले लगे होने की खबर पर संभाग आयुक्त के संज्ञान लेने के चलते 31 अगस्त को डीपीसी कार्यालय धार के द्वारा तीन सदस्यीय कमेटी का गठन हुआ था । कमेटी को बाग ब्लॉक में बंद पाई गई स्कूलों के संबंध में जांच करनी थी। लेकिन लाल फीताशाही की चरम सीमा के चलते एक माह बाद भी कमेटी के सदस्य आज तक बाग ब्लॉक में जांच करने नहीं पहुंचे। जिससे यह प्रतीत होता है कि जिला मुख्यालय पर बैठे विभागीय जिम्मेदारों की भी आदिवासी बाहुल्य बाग ब्लॉक की स्कूलों में समुचित शैक्षणिक प्रबंधन के प्रति दिलचस्पी नहीं है ।

jtvbharat
Author: jtvbharat