
संघर्ष से सिद्धी – संदीप राठौड़
डही। मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से सक्षम जीवन कौशल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत धार जिले के डही विकासखंड के शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डही में 21 व 22 अक्टूबर को विकासखंड स्तरीय एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें डही के समस्त माध्यमिक शालाओं, कन्या शिक्षा परिसर के प्रधानाध्यापक, प्राचार्य, सीएसी, बीएसी, जनशिक्षक,संकुल प्राचार्य दो बैच में शामिल हुए।
कार्यशाला का प्रारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस मौके पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी आर. के. सिन्हा ने सभी प्रधानाचार्यों को संबोधित करते हुए कहा कि सक्षम जीवन कौशल कार्यक्रम का उद्देश्य मध्य प्रदेश के जनजाति बाहुल्य जिलों की शासकीय माध्यमिक शालाओं एवं विशेष आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों के सर्वांगीण विकास हेतु गतिविधि आधारित जीवन कौशल सत्रों का संचालन शिक्षकों द्वारा किया जाना है। इसी परिप्रेक्ष्य में सक्षम जीवन कौशल विकास कार्यक्रम पर समझ विकसित करने के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया है।
नई शिक्षा नीति तथा सक्षम कार्यक्रम के क्रियान्वयन को लेकर मैजिक बस इंडिया की ओर से जिला कार्यक्रम प्रबंधक निष्ठा सोदावत ने बताया कि किशोर- किशोरियों को 21 वीं सदी के जीवन कौशलों से उन्हें लेस किया जा सके और वह अपने व्यवहारिक जीवन में अपने सामने आने वाली चुनौतियां का सामना आसानी से करने में सक्षम हो सके, जिसमें बच्चे स्व जागरूकता, अपने विचार को रखने, रचनात्मक तरीके से सोचने, निर्णय लेने की क्षमता आदि जैसे जीवन कौशलों को विकसित करने में सक्षम हो सकेंगे।
विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक संध्या राजपुरोहित ने शिक्षा और कौशल क्षेत्र में अग्रणी संस्था मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन का परिचय देते हुए बताया कि जनजातीय कार्य विभाग,मध्य प्रदेश शासन एवं मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन मुंबई के साझा प्रयास से प्रदेश के आदिवासी जिलों में विभाग द्वारा संचालित आवासीय एवं गैर आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों में 21 वीं सदी के जीवन कौशलों को विकसित किया जाएगा। इसका लक्ष्य मास्टर ट्रेनर और सरकारी स्कूली शिक्षकों के एक कैडर को सशक्त बनाना है। उन्हें राज्य के 20 जिलों और 88 ब्लॉकों में किशोरों के सर्वांगीण विकास को पोषित करते हुए जीवन कौशल शिक्षा प्रदान करने के लिए सुसज्जित करना है।
इस कार्यशाला में विकासखंड स्त्रोत समन्वयक मनोज दुबे का विशेष सहयोग रहा। प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर नंदू भोई एवं महेश परमार द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 55 प्राचार्यों एवं प्रधान अध्यापकों ने शिरकत की। बीएसी हितेंद्र सिंह ठाकुर, मिनाक्षी ठाकुर, अजय भारद्वाज, राकेश घोषी और मनीषा ठाकुर ने प्रशिक्षण व्यवस्था को संभाला।
फोटो – डही में प्रशिक्षण का अवलोकन कर जानकारी देते बीईओ राजेश कुमार सिन्हा।