शाह दम्पत्ति की पहल रंग लाई

4 जगह लगाए गए डॉग केयर हाउस में मिला 22 बच्चों को सुरक्षित आश्रय
कमलेश नाहर राणापुर
नगर के शाह दम्पत्ति द्वारा जीवदया के क्षेत्र में पहल करते हुए बनाये गए 4 बेबी डॉग केयर हाउस एक्टिव कर दिए गए है।नगर के चार अलग अलग क्षेत्र में एक्टिव इन डॉग केयर हाउस में 22 डॉग बच्चों को सुरक्षित आश्रय मिला है।जिनमे वे अपनी अपनी माँ के साथ निश्चिंत होकर रह रहे है।डॉग केयर हाउस बनाने वाले शाह दम्पत्ति यशवी व नितेश शाह ने बताया कि डॉग केयर हाउस बनवाकर उन्होनें सोशल मिडिया के जरिये लोगो को सूचित किया था।जिसके बाद 4 जगहों पर फीमेल डॉग द्वारा बच्चों को जन्म देने की सूचना मिली।युवाओं के सहयोग से नितेश ने उन जगहों पर ले जाकर डॉग केयर हाउस एक्टिव करवाकर बच्चो को उसमें शिफ्ट कर दिया।अब बच्चो को दुर्घटना में अपनी जान नही गंवानी पड़ेगी।यशवी शाह ने बताया कि जिला न्यायाधीश विधि सक्सेना सहित अनेक अधिकारी, समाजसेवियों व पशुप्रेमियों ने उनके इस प्रयास की सराहना की है।

4 जगहों पर 22 बच्चो व उनकी माँ को मिला आश्रय-
शाह दम्पत्ति द्वारा बनाये गए डॉग केयर हाउस में सबसे पहला हाउस एमजी रोड़ पर रखा गया।इसमें 5 बच्चें है।
दूसरा बस स्टैंड के पीछे व तीसरा चामुंडा माता मंदिर परिसर में लगाया गया।दोनो जगह 7-7 बच्चो ने इन हाउस में स्थान पाया।तीसरा सुभाष मार्ग में लगाया गया।जिसमें 3 बच्चे है।
इन डॉग हाउस को उचित स्थान पर रखने में नगर के युवाओं अमित सेठिया , पीयूष जैन ,विश्वास जैन ,मयूर गोस्वामी , विशाल शर्मा, अक्षत अग्रवाल ‘, कमल अग्रवाल’ ,पवन अग्रवाल ,राजू पंचोली ,वैभव अग्रवाल, ‘प्रकाश अग्रवाल, कमलेश हरसोला आदि ने भी अपना सहयोग दिया है।डॉग केयर हाउस में कुतिया व बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था पड़ोस में रहने वाले लोग कर रहे हैं।

बच्चें के वियोग में माँ की वेदना ने झकझोरा-
राणापुर में रहने वाले नितेश शाह और उनकी समाजसेवी पत्नी यशवी जीव दया के क्षेत्र में लंबे समय से काम कर रहे हैं। घायल कबूतरों को उपचार उपलब्ध कराना, गोसेवा करना उनका ध्येय है। स्ट्रीट डॉग्स से भी दोनों को लगाव है। अक्सर बच्चों को जन्म देने वाली फीमेल डॉग और उनके बेबी डॉग की देखभाल भी करते रहे हैं। लेकिन तीन महीने पहले हुई एक घटना के बाद उन्होंने नया उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके घर से कुछ दूर एक फीमेल डॉग ने बच्चों को जन्म दिया।एक बच्चा बाइक से कुचलकर तड़पकर मर गया।बच्चे के वियोग में उसकी माँ की वेदना ने दंपती को झकझोर दिया। उन्होंने बेबी डॉग की सुरक्षा के उपाय करने की ठानी और 40 हजार रुपए खर्च कर 4 बेबी डॉग केयर हाउस बनवा दिए।5वे डॉग हाउस का निर्माण कार्य चल रहा है।

jtvbharat
Author: jtvbharat