डही-कुक्षी सड़क मार्ग बन रहा मुसीबत

पथरीली राह पर धूल से सने गुजर रहे हैं नर्मदा परिक्रमावासी

संघर्ष से सिद्धी – संदीप राठौड़
मो. 9754106416

डही। डही- कुक्षी मुख्य सड़क मार्ग का निर्माण क्षेत्रवासियों के लिए मुसीबत भरा हो गया है. सड़क निर्माण कार्य में पहले जहां विलंब हुआ। वहीं अब ठेकेदार को टर्मिनेट करने के बाद काम बंद हो जाने से लोगों की परेशानियां और ज्यादा बढ़ गई है।‌ इस मार्ग पर 11 किलोमीटर मार्ग खुदाई के बाद गिट्टी, मिट्टी, मूरम और चूरी से सना होकर लोगों की परेशानियां बढ़ा रहा है। इन सब में इस मार्ग से गुजरने वाले नर्मदा परिक्रमावासी भी अब बीमार होने लगे हैं। वे इन दिनों इस मार्ग से पथरीली राह पर धूल से सने होकर गुजर रहे हैं। पैदल परिक्रमावासी जब इस मार्ग से गुजरते हैं उस दौरान मार्ग से वाहन निकलने पर उससे उड़ती धूल के गुबार से परिक्रमावासी सहित क्षेत्रवासी परेशान हो उठे हैं।

गौरतलब हो कि शीत ऋतु में इस मार्ग से नर्मदा परिक्रमावासियों की संख्या बढ़ जाती है। लेकिन इस बार मार्ग खुदा होने से नर्मदा परिक्रमा वासियों की परेशानी बढ़ गई है। नर्मदे हर के उद्घोष के साथ धूल के गुबार के बीच धूल से सने होकर वे गुजर रहे हैं। ऐसे में उनके वस्त्र और अन्य सामान धूल से सने होने लगे हैं। साथ ही देश- प्रदेश से आने वाले नर्मदा प्रक्रिमावासियों का निकलना भी दूभर हो गया है। साथ ही यहां से गुजरते वक्त उनके स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।

गुरुवार को इस मार्ग पर बड़वान्या के समीप 4 बजे गुजर रहे नर्मदा परिक्रमावासी रमेश गुर्जर नर्मदापुरम, भरत जाट उज्जैन, जेएस तंवर कड़ौदकलां बदनावर आदि रास्ते में इस प्रतिनिधि को धूल से सने मिले। जिससे उनकी स्थिति का अंदाजा खुद ही महसूस हो रहा था। उनका कहना था कि विभाग जल्द मार्ग का निर्माण कराएं ताकि उनके साथ ही सभी लोगों को राहत मिल सके।

फोटो- डही-कुक्षी मार्ग पर धूल के गुबार के बीच गुजरते माँ नर्मदा परिक्रमा वासी।

jtvbharat
Author: jtvbharat