
श्री कृष्ण के जीवन की प्रत्येक घटना मानव जीवन के लिए प्रेरणादायक – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में श्री कृष्ण प्रणामी धर्म के तीनों धामों महामंगलपुरी धाम सूरत (गुजरात) , पद्मावतीपुरी धाम पन्ना (मध्यप्रदेश) और नवतनपुरी धाम जामनगर (गुजरात ) की यात्रा को शामिल किया गया
देवेन्द्र वाणी
अलीराजपुर:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव श्री कृष्ण प्रणामी धर्म महोत्सव 2024 में सम्मिलित होने के लिए अलीराजपुर जिले के रिंगोल ग्राम के लाडीवरिया फलिया में पधारे।श्री कृष्ण प्रणामी धर्म महोत्सव 2024 गुरुजी श्री नटवरलालदास जी भट्ट के 46 वें स्मृति महोत्सव के रूप में महाराज श्री रश्मिकांत एन भट्ट जी के मार्गदर्शन में पांच दिवसीय 9 दिसंबर से 13 दिसम्बर तक आयोजित किया जा रहा है जिसमें श्रीमद भागवत श्री कृष्ण कथा ,ब्रह्मज्ञान , महायज्ञ का आयोजन किया जाता हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सर्वप्रथम गुरुजी श्री नटवरलालदास जी भट्ट (हरकुंडी गुजरात) की स्मृति में स्थापित मूल मिलावा के दर्शन कर परिक्रमा की। मूल मिलावा परमधाम में आत्मा का परमात्मा के मिलन को दर्शाता है। यहां पर भागवत जी एवं प्रणामी ग्रन्थों जैसे स्वरूप साहेब , वित्तक साहेब , ब्रह्मवाणी आदि 216 रखें ग्रंथों का अनुयायियों द्वारा महोत्सव के दौरान पाठ किया जाता हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच पर स्थित गुरु गादी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया । श्री कृष्ण प्रणामी धर्म महोत्सव आयोजनकर्ताओं द्वारा वृहद पुष्पमाला एवं पारंपरिक साफा पहनाकर स्वागत किया गया साथ ही अलीराजपुर जिले संस्कृति को परिलक्षित करते चांदी के कड़े भेंट किए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्री कृष्ण प्रणामी धर्म महोत्सव के आलौकिक दिव्य वातावरण में आकर मन आनंदित हो गया है। बुंदेलखण्ड के महाराज छत्रसाल को श्री प्रणानाथजी ने भेंट के रूप में तलवार (जलवकाट) दी। श्री प्रणानाथजी ने श्री कृष्णप्रणामी धर्म संप्रदाय की स्थापना की तब से यथावत चल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कृष्ण के जीवन की प्रत्येक घटना मानव जीवन के लिए प्रेरणादायक है। जैसे श्री कृष्ण के जन्म से यह शिक्षा मिलती है कि सच्चाई के मार्ग पर निरंतर चलने और कष्टों से गुजरने के बाद ही गोपाल कृष्ण घर में पधारते है । श्री कृष्ण को मोर मुकुट धारण करने में आनंद मिलता है यही मोरमुकुट समूचे समाज की पहचान के रूप में सुशोभित होता है। इसी हेतु राज्य शासन द्वारा स्कूली पाठ्यक्रम में कृष्ण लीलाओं को पढ़ाए जाने का समावेशन किया गया । साथ ही समस्त नगरीय क्षेत्रों में गीता भवन की स्थापना की जाएगी । चूंकि गीता कर्मयोग , ज्ञानयोग और भक्तियोग का अद्भुत संगम है जो अनेक रूपों में मानव जीवन को प्रभावित करती हैं।
घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद एवं स्वतंत्रता सेनानी परथी बाबा की धरती को नमन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में श्री कृष्ण प्रणामी धर्म के तीनों धामों महामंगलपुरी धाम सूरत (गुजरात) , पद्मावतीपुरी धाम पन्ना (मध्यप्रदेश) और नवतनपुरी धाम जामनगर (गुजरात ) की यात्रा को शामिल किया गया , बरझर क्षेत्र में पुलिस थाने की स्थापना , बोरकुंडिया में बिजली ग्रिड की स्थापना , बडगांव एवं रिंगोल में सामुदायिक भवन ,साथ ही चंद्रशेखर आजाद नगर विकासखंड क्षेत्र की लगभग 28 किलोमीटर की सड़कों के निर्माण की घोषणा की गई।
कार्यक्रम में श्री कृष्ण प्रणामी धर्म के श्री रश्मि कांत भट्ट महाराज , श्री स्वामी राज दास जी महाराज , श्री महेंद्र प्रसाद जी महाराज , कैबिनेट मंत्री अनुसूचित जाति कार्लिन विभाग श्री नागर सिंह चौहान , जोबट विधायक श्रीमती सेना महेश पटेल , रतलाम संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद श्री गुमान सिंह डामोर , पूर्व विधायक श्री माधौसिंह डावर, श्री विशाल रावत , जनपद अध्यक्ष श्री इंदर सिंह डावर , रिंगोल के सरपंच श्री महेश भूरिया उपस्थित रहे।