सत्र के पहले ही दिन एमपी विधानसभा घेरेगी कांग्रेसः पटवारी का दावा- 50 हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे; जातिगत जनगणना का आंदोलन भी तेज करेंगे

भोपाल

सोमवार से शुरू हो रहे मध्य प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले ही दिन कांग्रेस विधानसभा घेराव करने जा रही है। इसमें कांग्रेस के सभी विधायकों के साथ दिग्गज नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। दावा है कि विधानसभा घेराव में प्रदेश भर से करीब 50 हजार कार्यकर्ता शामिल रहेंगे।

इसको लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि पार्टी के
इसको लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता तैयारियों में लगे हैं। सभी विधायकों और पूर्व विधायकों से संपर्क कर रहे हैं। हजारों की संख्या में कई जिलों से गाड़ियां आ रही हैं। यह पार्टी का बड़ा आंदोलन है। इसमें सभी नेताओं की ताकत लगी है। जनता की आवाज को हजारों कार्यकर्ता भोपाल तक लेकर आ रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष सिंघार के भोपाल आवास पर हुई बैठक में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, अरुण यादव, कमलेश्वर पटेल, सचिन यादव, प्रवीण पाठक और आरिफ मसूद सहित कई नेता मौजूद रहे।

सीएम डायनासोर के अंडे देख रहे, किसान खाद के लिए परेशान

नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने कहा कि, हमने सरकार की विफलताओं पर जवाब मांगा है। वो एक साल में युवाओं को 2 लाख नौकरियां नहीं दे पाए। लाड़ली बहनों को 3 हजार रुपए नहीं दे पाए। महिला अपराध नहीं रोक पाएं। सरकार किसानों की शुभचिंतक नहीं रही।
सिंघार ने कहा कि मुख्यमंत्री लंदन में डायनासोर के अंडे देख रहे थे और यहां किसान खाद के लिए परेशान था। उन्हें अब भी खाद नहीं मिल रही। सरकार एक साल में किसान के आंसू नहीं पोंछ पाई। सिंघार ने सरकार पर आरोप लगाया कि कर्ज पर कर्ज लिए जा रहे हैं। क्या हेलिकॉप्टर और चार्टर्ड प्लेन के लिए कर्ज लिए जा रहे हैं।

दावा- विधानसभा घेराव में प्रदेश भर से 50000 लोग शामिल होंगे

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने बताया कि प्रदेश के सभी कांग्रेस विधायकों, जिला अध्यक्ष, प्रकोष्ठ, विभाग के पदाधिकारियों को ये जिम्मेदारी दी गई है कि वे अपने जिले से घेराव कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को लेकर पहुंचें। प्रदेश भर से कम से कम 50 हजार कार्यकर्ता इस घेराव में शामिल होंगे। 20 से 25 हजार वाहनों से कार्यकर्ता भोपाल पहुंचेंगे।
पटवारी ने कहा कि हम प्रशासन का सहयोग करना चाहते हैं। प्रशासन भी सकारात्मक रुख दिखाए। घेराव में आने वाले
कार्यकर्ताओं को सभा स्थल तक पहुंचने में प्रशासन मदद करे। न कि उन्हें सीमाओं पर रोककर परेशान किया जाए।

जवाहर चौक पर जुटेंगे कांग्रेसी, यहीं पर जनसभा फिर पैदल मार्च

विधानसभा घेराव के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता भोपाल के जवाहर चौक पर इकट्ठे होंगे। यहीं पर एक बड़ी जनसभा का आयोजन होगा। इस जनसभा में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व सीएम कमलनाथ के अलावा कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। जवाहर चौक से कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए रंगमहल चौराहा, रोशनपुरा चौराहे से विधानसभा की ओर कूच करेंगे।

कल से जातिगत जनगणना पर आक्रामक आंदोलन की शुरुआत

कांग्रेस नेता राहुल गांधी लोकसभा चुनाव के पहले से जातिगत जनगणना कराने की मांग कर रहे हैं। राहुल गांधी के इस मुद्दे को लेकर एमपी में अब कांग्रेस आंदोलन तेज करेगी। सोमवार को विधानसभा घेराव से पीसीसी चीफ जीतू पटवारी इस आंदोलन को गांव-गांव तक ले जाने का आगाज करेंगे।

पुलिस कमिश्नर बोले- 1500 अतिरिक्त जवान तैनात रहेंगे

भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्रा ने बताया कि शहर में सोमवार को 1500 जवानों की तैनाती रहेगी। प्रदर्शन कर रहे लोगों को जवाहर चौक पर ही रोका जाएगा। उन्हें वहीं प्रदर्शन की अनुमति दी गई है। किसी ने भी कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास किया तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा।
5 दिन चलेगा मध्यप्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 दिसंबर से 20 दिसंबर तक चलने वाले इस पांच दिवसीय सत्र में सदन की पांच बैठकें होंगी। शीतकालीन सत्र की अधिसूचना जारी होने से अब तक विधानसभा सचिवालय में 888 तारांकित पश्न, 878 अतारांकित प्रश्न सहित कुल 1766 प्रश्नों की सूचनाएं मिलीं हैं। जबकि 178 ध्यानाकर्षण, एक स्थगन प्रस्ताव, 14 अशासकीय संकल्प, 47 शून्यकाल की सूचनाएं मिली हैं। 8 विधेयकों की भी सूचना विधानसभा सचिवालय को मिली है।

jtvbharat
Author: jtvbharat