लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर “अटल” ग्राम सुशासन भवन का भूमिपूजन किया और जिला अस्पताल में श्रद्धांजलि अर्पित की

बड़वानी से रघुनाथ सेन

बड़वानी, 25 दिसंबर 2024: लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म जयंती और उनके शताब्दी वर्ष के अवसर पर सांसद पटेल ने बड़वानी विधानसभा के ग्राम आवली,गोलपाटीवाड़ी, ओसाडा,में “अटल” ग्राम सुशासन भवन का भूमिपूजन किया, जो ग्राम विकास और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस कार्यक्रम का आयोजन माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के करकमलों द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया, जिससे कार्यक्रम की महत्ता और बढ़ गई।

सांसद पटेल ने भूमिपूजन के अवसर पर कहा, “यह ऐतिहासिक अवसर ग्राम विकास और सुशासन के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है। यह भवन श्रद्धेय अटल जी के आदर्शों और दृष्टिकोण से प्रेरित है, जो देश की प्रगति और हर गांव के विकास के लिए समर्पित थे।” उन्होंने आगे कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाना और सुशासन की दिशा में एक नया मॉडल प्रस्तुत करना है।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत पटेल, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष जगदीश धनगर, मंडल अध्यक्ष संजय वर्मा, पंचायतों के सरपंच, पंच और पार्टी कार्यकर्ता तथा ग्रामवासी उपस्थित थे। सांसद पटेल ने सभी से अटल जी के आदर्शों को आत्मसात करने और ग्रामविकास की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इसके साथ ही सांसद पटेल ने बड़वानी जिला अस्पताल में श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर, सांसद ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए और कहा, “यह छोटा सा प्रयास अटल जी के जीवन से प्रेरणा लेकर सेवा और समर्पण के मार्ग पर चलने का संकल्प है।” उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है, और उनके आदर्शों को अपना कर हम देश के हर क्षेत्र में बदलाव ला सकते हैं।

कार्यक्रम में भा.ज.पा. जिला अध्यक्ष कमलनयन इंगले, पूर्व मंत्री प्रेमसिंह पटेल, महामंत्री विक्रम चौहान, नगर मंडल अध्यक्ष शुभम पांडे सहित पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। सांसद पटेल ने इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अटल जी के विचारों को फैलाने के साथ ही ग्रामविकास और जनसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें।

jtvbharat
Author: jtvbharat