
एजाज खान बुरहानपुर
बुरहानपुर-जिले के पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान भारत निरामयम योजना का लाभ दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किये जा रहे है। निर्धारित लक्ष्य अनुरूप एवं कार्यो में तेजी लाने के लिए कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल लगातार कार्यो की मॉनीटरिंग कर रही है। इसी कड़ी में गुरूवार को परमानंद गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में नगर पालिक निगम क्षेत्रान्तर्गत हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान आधार अपडेशन एवं समग्र आईडी में सुधार कार्यो की गहनता से समीक्षा भी की गई।
कलेक्टर ने कहा कि, वार्डवार घर-घर जाकर आयुष्मान कार्ड बनाये जायें। आपसी समन्वयता एवं गंभीरता के साथ दिये गये लक्ष्य को शीघ्र पूर्ण करें। नगर निगम आयुक्त को निर्देशित किया गया कि, प्रतिदिवस किये गये कार्यो की मॉनीटरिंग करें। क्षेत्र में 3 जनवरी से अभियान चलाकर 70 प्लस से अधिक आयु वर्ग के हितग्राही, श्रमिक श्रेणी व शेष रहे पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाये जायेंगे। वहीं आधार अपडेशन एवं समग्र आईडी के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। वार्डवार आयुष्मान कार्ड, आधार अपडेशन एवं समग्र सुधार का कार्य किया जायें। कार्य के दौरान किसी प्रकार की समस्या आने पर वरिष्ठ अधिकारी को तत्काल अवगत कराये। बैठक में नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त शैलेष गुप्ता, सेक्टर सुपरवाईजर्स, आंगनवाड़ी कार्यकर्तायें, आशा कार्यकर्तायें उपस्थित रही।