
मनीष मीणा की रिपोर्ट
भोपाल गैस त्रासदी से जुड़े यूनियन कार्बाइड के 12 कंटेनर रासायनिक कचरे को पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में लाए जाने का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। गणतंत्र दिवस की शाम को कई सामाजिक संगठनों ने एकजुट होकर मशाल यात्रा निकाली। शाम 7 बजे हाउसिंग कॉलोनी स्थित शिवाजी प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ यात्रा शुरू हुई।
सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार के नेतृत्व में पीथमपुर बचाओ समिति, पीथमपुर रक्षा मंच, कई मजदूर यूनियनों और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा हाउसिंग बोर्ड, सीसी पावर चौराहा, छत्रछाया कॉलोनी, मनवानी कॉलोनी होते हुए महाराणा प्रताप बस स्टैंड पर समाप्त हुई
3 जनवरी को हुए बंद के दौरान हुई अशांति के मद्देनजर इस बार पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सीएसपी, एसडीओपी सहित 6 थाना प्रभारियों के नेतृत्व में 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम तैनात की गई, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण संपन्न हुई।
जिला प्रशासन और प्रदूषण विभाग 6 जनवरी से लगातार जनसंवाद कर रहे हैं। कलेक्टर से लेकर तहसीलदार तक के अधिकारी स्कूलों, कारखानों और हाट-बाजारों में जाकर लोगों को आश्वस्त कर रहे हैं कि रासायनिक कचरे से कोई खतरा नहीं है। रसायन विशेषज्ञों की मदद से तैयार किए गए पैम्फलेट भी बांटे जा रहे हैं। जिनमें कचरा निष्पादन की प्रक्रिया और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई है।