पूर्व ओएस राजेंद्र जैन ने खोली नपा कार्यालय में राजस्व विभाग की अलमारी तो हुआ हंगामा

सीएमओ ओर श्री जैन के बीच हुआ अशोभनीय वाक युद्ध
मौके पर लगी भारी भीड़,
राजू पटेल
नीमच:- आए दिन किसी न किसी बात विवाद को लेकर चर्चा में बनी रहने वाली नगर पालिका में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब पूर्व ओएस राजेंद्र जैन द्वारा राजस्व विभाग की अलमारी में फाइलें टटोली जा रही थी और वहां सीएमओ महेंद्र वशिष्ठ पहुंच गए। फिर क्या था दोनों के बीच जमकर विवाद खड़ा हो गया।
सीएमओ महिंद्र वशिष्ठ ने बताया कि पूर्व कार्यालय अधीक्षक द्वारा अलमारी से बिना अनुमति के फाईलें देखे जाने पर मैंने जब सख्त आपत्ति व्यक्त की तब राजेंद्र जैन अभद्र भाषा पर उतारू हो गए और तू तड़ाके से बात करने लगे। सीएमओ ने जब उन्हें मना किया और पूछा कि किसकी अनुमति से फाईलें देख रहे हो तो राजेंद्र जैन ने कहा कि तू कौन….? इसके बाद महेंद्र वशिष्ठ ने जब बताया कि मैं सीएमओ हूं। इस पर राजेंद्र जैन ने कहा कि मैं तुम्हें सीएमओ नहीं मानता और गाली गलौज पर उतर आया। घटना करीब 2.30 बजे की है। विवाद के दौरान भाजपा और कांग्रेस के पार्षद भी पहुंच गए। बताया जा रहा है कि सेवा निवृत कर्मचारी राजेंद्र जैन द्वारा आए दिन नगर पालिका में आकर बिना अनुमति के फाईलें देखी जाती है ओर कार्यों में हस्तक्षेप भी किया जाता है, साथ ही कर्मचारियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया जाता है।
विवाद के बाद नगरपालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि संतोष चोपड़ा भी वहां पहुंचे। उन्होंने मीडिया से कहा कि राजेंद्र जैन द्वारा किया गया कृत्य अनुशासनहीनता के दायरे में आता है। चोपड़ा ने यह भी कहा कि राजेंद्र जैन हमारे यहां निजी सहायक के रूप में काम करते हैं। वहीं सीएमओ महेंद्र वशिष्ठ ने कहा कि हो सकता है राजेंद्र जैन को किसी का संरक्षण प्राप्त हो। उन्होंने यह भी कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा से चर्चा करने के बाद इस पूरे मामले पर उचित कार्यवाही की जाएगी। यह शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला है। वहीं नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापत ने आरोप लगाया कि यह पूरा मामला व्यवस्था के खिलाफ है। राजेंद्र जैन को बिना अनुमति के किसी फाइल को हाथ लगाने का अधिकार नहीं है। उन पर नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा को तुरंत कार्यवाही करनी चाहिए।
बताते चलें कि नगर पालिका में आकर अधिकारियों और कर्मचारियों की कुर्सी पर बैठकर राजेंद्र जैन द्वारा कार्यालय की फाइलों को देखे जाने का मामला पहले भी सामने आता रहा है। देखना दिलचस्प होगा कि इस पूरे मामले में नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा क्या एक्शन लेती है और महेन्द्र वशिष्ठ कितना सख्त कदम उठाते हैं….?

jtvbharat
Author: jtvbharat