नगर परिषद के साधारण सम्मिलन में बजट के साथ मेला आयोजन एवं नामांतरण प्रकरण किये स्वीकृत

गौरव टांकवाल पिपलौदा – प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर परिषद द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु अनुमानित बजट को स्वीकृत किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष उपमा श्यामबिहारी पटेल ने की। बैठक में उपाध्यक्ष ओमप्रकाश चन्द्रवंशी, पार्षदगण सपना गोसर, प्रवीण सिंह राठौर, प्रहलाद जाट, श्यामबिहारी पटेल, मुकेश गेहलोत, प्रेमलता चौहान, नरेन्द्र नागर उपस्थित रहे। बैठक का संचालन मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनवर गौरी ने किया।
बैठक में प्रेमलता चौहान सामान्य प्रशासन, राजस्व, वित्त एवं लेखा विभाग समिति की सभापति, अनवर गौरी मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं लेखापाल भीमसेन लहरी ने बजट की प्रति अध्यक्ष उपमा श्यामबिहारी पटेल को उपलब्ध कराई। बजट लेखापाल भीमसेन लहरी द्वारा प्रस्तुत किया।
कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार वर्ष 2025-26 के लिए कुल 36 करोड़ 38 लाख 74 हजार आठ सौ की आय एवं 36 करोड़ 37 लाख 74 हजार नौ सौ का व्यय के साथ रूपये. 99900/- की बचत का बजट परिषद द्वारा स्वीकृत किया गया। 36 करोड़ की आय में 17 प्रतिशत निकाय की आय एवं 83 प्रतिशत अनुदान एवं ऋणों से प्राप्ति की संभावना है। इसी प्रकार व्यय हेतु प्रस्तावित राशि में 17 प्रतिशत राजस्व व्यय, 01 प्रतिशत ऋण भुगतान, विभिन्न स्थाई सम्पत्तियों के निर्माण/क्रय पर 6 प्रतिशत एवं 76 प्रतिशत राशि निर्माण कार्यो पर व्यय होना प्रस्तावित की गई है। बजट में संचित निधि में जमा हेतु 30 लाख बाहत्तर हजार का प्रावधान किया गया है। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष उपमा श्यामबिहारी पटेल ने कहा कि बजट में नगर के समग्र विकास का ध्यान में रखा गया है। बजट में मुख्य रुप से गीता भवन, पार्क निर्माण, अम्बेडकर मांगलिक भवन एवं बस स्टेण्ड की मरम्मत, नगर में सी0सी0टी0वी0 कैमरे, नये आंगनवाड़ी केन्द्र, सादलपुरा पुलिया, रोड़, नाली, विभिन्न महापुरूर्षो की प्रतिमायें, अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न दायित्वों के भुगतान हेतु प्रावधान किये गये है। हमारा प्रयास रहेगा कि बजट में प्रावधानित आय-व्यय के लक्ष्यों को शतप्रतिशत प्राप्त करें।
बैठक में रायरा माताजी मेले में दिनांक 07 अप्रेल को पूजा-अर्चना, रावण दहन एवं सुन्दरकाण्ड का आयोजन किये जाने एवं चांदाखेड़ी मेले में परंपरा अनुसार चूल, लंकादहन, हवन पूजन, 11 अप्रेल को कवि सम्मेलन एवं 12 अप्रेल 2025 को भजनों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किये जाने का निर्णय लिया गया। मेला आयोजन हेतु समिति का गठन किया गया जिसमें प्रेमलता चौहान मेला समिति अध्यक्ष, सपना गौसर मेला समिति उपाध्यक्ष, सदस्य के रुप में पार्षद मंजूवाला गौड़, देवश्री जायसवाल, रामगोपाली धनगर, अनीता पाटीदार, मांगीबाई शरण, लक्ष्मी चौहान एवं मनोहर पुरी गोस्वामी को मेला समिति प्रभारी का दायित्व सौंपा गया।
बैठक में प्रस्तुत 14 नामांतरण प्रकरणों को सर्व सम्मति से स्वीकृत किया गया।

jtvbharat
Author: jtvbharat