
डेस्क
उज्जैन :- समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन द्वारा महाराणा सांगा पर की गई अमर्यादित टिप्पणी के खिलाफ उज्जैन में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के आह्वान पर नगर के 50 से अधिक समाजों और संगठनों ने एकजुट होकर चामुंडा माता चौराहे पर सांसद का पुतला जलाया और विरोध प्रदर्शन किया।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा उज्जैन संभाग इकाई के अध्यक्ष महेंद्र सिंह बैंस ने किया। उन्होंने कहा कि महाराणा सांगा न केवल राजपूत समाज बल्कि संपूर्ण हिंदू समाज के लिए पूजनीय हैं, और उनके विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मांग की कि समाजवादी पार्टी सांसद को इस बयान पर माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा उनका विरोध जारी रहेगा।
इस मौके पर विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने सांसद की टिप्पणी की निंदा की और जमकर नारेबाजी की। अखिल भारतीय पुजारी महासंघ, महाकाल सेना, सिख समाज, ब्राह्मण समाज, क्षत्रिय महासभा महिला विंग, अखिल भारतीय माली समाज, बैरागी समाज, कोली कोरी समाज, पोरवाल समाज, खंडेलवाल समाज, राठौर समाज, बजरंग दल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, यादव समाज सहित अनेक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित भीड़ ने सांसद रामजीलाल सुमन का पुतला जूते-चप्पलों से पीटने के बाद आग के हवाले कर दिया। इस दौरान राठौर क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष श्री पुरुषोत्तम राठौर सामगी वाले एवं पूर्व ट्रस्टी गोपाल राठौर ने आभार व्यक्त किया और कहा कि यदि सांसद ने जल्द माफी नहीं मांगी तो विरोध और तेज होगा।
यह प्रदर्शन उज्जैन में सर्व समाज की एकता और राष्ट्रवादी भावनाओं का प्रतीक बना, जिससे स्पष्ट हो गया कि समाज अपने महापुरुषों के अपमान को सहन नहीं करेगा।