संजय टाईगर रिजर्व में कलेक्टर सीधी के नियम तोड़ने वाले वायरल विडियो की जांच शुरु

* सीसीएफ संजय टाईगर रिजर्व सीधी द्वारा एसडीओ मझौली को दिये जांच के आदेश
सीधी । संजय टाईगर रिजर्व के कोर एरिया में टाईगर रिजर्व के नियमों का उल्लघंन कर जिप्सी से भ्रमण करने का कलेक्टर सीधी के सोशल मीडिया में वायरल विडियो एवं मीडिया में प्रकाशित खबरों को संज्ञान में लेते हुए सीसीएफ संजय टाईगर रिजर्व सीधी द्वारा एसडीओ मझौली को सत्यता की जांच के आदेश दिए हैं।
यहां बताते चलें कि मध्यप्रदेश के सीधी जिले के कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी पर आरोप है कि वे संजय टाइगर रिजर्व में निजी जिप्सी लेकर बाघों के पास पहुंच जाते हैं। उन पर आरोप है कि वे अपना वाहन वहां तक ले जाते हैं, जहां तक उन्हें गाड़ी ले जाने की परमिशन नही होती है।सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने निजी जिप्सी को टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में ले जाकर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और एनटीसीए के दिशानिर्देशों का उल्लंघन किया है। आरोप है कि कलेक्टर
श्री सोमवंशी नियमित रूप से हर सप्ताह दोस्तों के साथ रिजर्व का दौरा करते हैं और पर्यटकों के साथ दुर्व्यवहार करते हुए नियमों का खुलेआम उल्लंघन करते हैं। इसके अलावा वह वन अधिकारियों पर भी दबाव बना रहे हैं। जिस जिप्सी से कलेक्टर सोमवंशी आते जाते हैं उसका
नंबर एमपी-54- जेडए-3935 बताया जा रहा है। सोशल मीडिया एवं मीडिया में आई खबर को संज्ञान में लेते हुए उसकी सत्यता की जांच सीसीएफ संजय टाईगर रिजर्व सीधी अमित कुमार दुबे द्वारा एसडीओ मझौली से कराई जा रही है।

इनका कहना है

संजय टाईगर रिजर्व सीधी के कोर एरिया में कलेक्टर सीधी के सोशल मीडिया एवं मीडिया में प्रसारित जानकारी की सत्यता की जांच के आदेश एसडीओ मझौली को दिये गये हैं।

अमित कुमार दुबे
सीसीएफ
संजय टाईगर रिजर्व सीधी

jtvbharat
Author: jtvbharat