
====================
मुंगावली विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव ने तालाब से मिट्टी खोदकर किया श्रमदान
====================
राजेश लोधी (गोलू)/ जिला व्यूरो चीफ
====================
अशोकनगर – मुंगावली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सरदारपुर में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए एक विशेष श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान का शुभारंभ माननीय विधायक श्री बृजेन्द्र सिंह यादव द्वारा किया गया, जिन्होंने स्वयं तालाब के गहरीकरण हेतु श्रमदान कर मिट्टी निकाली, जिससे जल संचय की क्षमता बढ़ेगी। यह अभियान 30 मार्च से 30 जून तक चलेगा, जिसमें जल संरक्षण को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री यादव ने स्थानीय ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि जल संकट को कम करने और प्राकृतिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत तालाबों, कुओं और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन, वृक्षारोपण और जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य जल संरक्षण को एक जनआंदोलन का रूप देना है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके। स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन के सहयोग से इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया गया है, जिससे क्षेत्र में जल संकट की समस्या को प्रभावी रूप से हल किया जा सके।
इस कार्यक्रम मे जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि धर्मेंद्र जैन, सरपंच प्रतिनिधि राजकुमार यादव, पूर्व सरपंच प्रमोद सरवैया, महामंत्री यशपाल यादव, अनुविभागीय अधिकारी मुंगावली, मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुंगावली, पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक सहित ग्रामीण उपस्थित रहे