
( शहर काज़ी की अगुआई में महामहिम राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन )
तराना : देशभर में पहलगाम ( जम्मू-कश्मीर ) में हाल ही में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले की निंदा का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में तराना नगर में शुक्रवार को मुस्लिम समाजजन शहर काजी सफीउल्लाह साहब की अगुवाई में एकत्रित हुए और आतंकवाद के विरुद्ध एकजुटता प्रकट करते हुए महामहिम राष्ट्रपति के नाम एसडीएम महोदय को एक ज्ञापन सौंपा। शुक्रवार की नमाज के पश्चात स्थानीय काजी चौक पर भारी संख्या में मुस्लिम समाजजन एकत्र हुए। इस दौरान शहर काजी सफीउल्लाह साहब ने आतंकवाद के विरुद्ध कड़ा संदेश देते हुए कहा कि “इस्लाम शांति, भाईचारे और इंसानियत का पैग़ाम देता है। इस्लाम में हिंसा, आतंक और निर्दोषों की हत्या का कोई स्थान नहीं है। हज़रत मोहम्मद (स.अ.) का फरमान है कि किसी एक बेक़सूर की हत्या पूरी मानवता की हत्या के समान है। काजी साहब ने आगे कहा कि हम देश की सेना और सुरक्षाबलों पर पूरा भरोसा रखते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सेना इस कायराना हमले का माकूल जवाब देगी और शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि “शहीदों के परिवार हमारे अपने हैं। हम उनके दुख में उनके साथ हैं और मालिक से दुआ करते हैं कि वह उन्हें इस कठिन समय में हिम्मत और सब्र प्रदान करे। अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर सय्यद अकबर हुसैन जागीरदार ने भी इस मौके पर एक सुर में आतंकवाद की निंदा की और देश की एकता, अखंडता और सांप्रदायिक सौहार्द को बनाए रखने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद किसी भी मज़हब का प्रतिनिधि नहीं हो सकता और जो लोग मज़हब की आड़ में हिंसा फैलाते हैं, वे इंसानियत के दुश्मन हैं। ज्ञापन में महामहिम राष्ट्रपति महोदय से अनुरोध किया गया कि आतंकी घटनाओं पर कठोर कार्रवाई की जाए और शहीद परिवारों को शीघ्र व समुचित सहायता प्रदान की जाए। साथ ही देश के युवाओं को आतंकवाद और कट्टरपंथ से दूर रखने के लिए ठोस सामाजिक व शैक्षणिक प्रयासों की भी अपील की गई। इस अवसर पर शहर काज़ी सफ़ीउल्ला साहब के अलावा अंजुमन सदर अकबर हुसैन जागीरदार , समाजसेवीगण , स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान शांति और अनुशासन का वातावरण रहा। ज्ञापन का वाचन सय्यद नियामत अली ने किया
उक्त जानकारी सलीम भाई मेम्बर ने दी।