सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष की जीत – अरूण यादव,

कल्पेश सोनी
खरगोन:-बुधवार को केन्द्रीय कैबिनेट द्वारा जातिगत जनगणना कराने का निर्णय पारित किया गया । पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री एवं मप्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरूण यादव ने केन्द्र सरकार द्वारा जातिगत जनगणना की स्वीकृति पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार दलित, आदिवासी एवं पिछड़ों की मांगों को लेकर संघर्ष करती रही है । देश में जातिगत जनगणना को लेकर हमारे नेता राहुल गांधी पिछले कई वर्षों से सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष कर रहे थे । यह उस संघर्ष की जीत है । यादव ने आगे कहा कि हाल ही में तेलंगाना प्रदेश सरकार द्वारा जातिगत जनगणना कर एक रोल मॉडल देश के समक्ष प्रस्तुत किया है । आज केंद्र सरकार ने जाति जनगणना की मांग को मंजूरी दी है, हम उसका स्वागत करते हैं । लेकिन हम केंद्र सरकार से यह भी मांग करते है कि इसे समयसीमा में पूर्ण किया जाए । इससे देश में जिसकी जितनी आबादी है उसे उतनी हिस्सेदारी मिले । हम न्याय योद्धा राहुल गांधी का देश की जनता, दलित, आदिवासी, पिछड़ों की ओर से इस संघर्ष के लिए धन्यवाद भी ज्ञापित करते हैं ।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को केन्द्रीय कैबिनेट की बैठक में जातिगत जनगणना को मंजूरी दी गई है । नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा भी अपने अभिमत में बताया कि यह हमारा विजन है और हम यह सुनिश्चित करेंगें कि सरकार एक पारदर्शी और प्रभावी जाति जनगणना कराए । सबको साफ साफ पता चले कि देश की संस्थाओं और पॉवर स्ट्रक्चर में किसकी कितनी भागीदारी है । जाति जनगणना विकास का एक नया आयाम है । मैं उन लाखों लोगों और सभी संगठनों को बधाई देता हॅू जो इसकी मांग करते हुए लगातार मोदी सरकार से लड़ाई लड़ रहे थे – मुझे आप पर गर्व है ।

jtvbharat
Author: jtvbharat