सिंहस्थ 2028 को बनाएंगे स्वर्णिम, मीडिया निभाए विकास में भागीदारी: कलेक्टर रोशन सिंह

अमन परमार
उज्जैन :- मीडिया सिंहस्थ 2028 को स्वर्णिम बनाने में निभाए अपनी निर्णायक भूमिका” यह संदेश कलेक्टर रोशन सिंह ने शिप्रा होटल में आयोजित परिसंवाद कार्यक्रम में दिया। “सामाजिक विकास में मीडिया की भूमिका” विषय पर आयोजित इस विचारमंच का आयोजन सिटी प्रेस क्लब द्वारा किया गया, जिसमें जिले के वरिष्ठ पत्रकारों से लेकर जनप्रतिनिधि तक बड़ी संख्या में मौजूद थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने पत्रकारों से अपील की कि वे सिंहस्थ और शहर के विकास कार्यों की ज़मीनी मॉनिटरिंग करें और शासन को सत्य व सटीक जानकारी दें। उन्होंने कहा, “मीडिया जनसुनवाई का सशक्त माध्यम है, और मैं स्वयं इसे प्राथमिकता देता हूँ।” पूर्व जनसंपर्क विभाग के डायरेक्टर रह चुके श्री सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए मीडिया के साथ पारदर्शिता व सहयोग की भावना दोहराई।
कार्यक्रम में उज्जैन उत्तर के विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने भी मीडिया से अपील की कि यदि विकास कार्यों में कोई त्रुटि दिखे, तो उसे उजागर करें। उन्होंने बताया कि चौड़ीकरण और शिप्रा नदी के शुद्धिकरण को लेकर शासन गंभीरता से कार्य कर रहा है।
वरिष्ठ पत्रकारों ने सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अपुष्ट खबरों पर चिंता जताई और पारंपरिक पत्रकारिता की साख बचाने पर जोर दिया।
सिटी प्रेस क्लब अध्यक्ष शैलेंद्र कुल्मी ने घोषणा की कि प्रेस क्लब हर माह इस तरह के सकारात्मक संवाद आयोजित करेगा, जिससे मीडिया, जनप्रतिनिधि और प्रशासन के बीच संवाद की निरंतरता बनी रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार डॉ. सचिन गोयल ने किया। आभार सिटी प्रेस क्लब के संरक्षक रमेश दास ने व्यक्त किया। सैकड़ों पत्रकारों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को प्रभावशाली और सार्थक बना दिया।

jtvbharat
Author: jtvbharat