
नई दिल्ली: कुत्तों के काटने पर शिकायतें दर्ज कराने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने एक वेबसाइट लॉन्च करने का फैसला किया है। 24 जनवरी को वेबसाइट लॉन्च किया जाएगा। गोयल का कहना है कि यह वेबसाइट एक सार्वजनिक मंच है, जो आवारा कुत्तों के संबंध में जागरुकता बढ़ाने, उनसे होने वाली समस्याओं को समझने और समाधान प्रस्तुत करने के लिए बनाई गई है। यहां कुत्तों से संबंधित सभी तरह की जानकारियां उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि आवारा कुत्तों के काटने की समस्याएं दिन प्रति दिन बढ़ रही हैं। गोयल ने कहा कि समस्या आवारा कुत्ते नहीं हैं, बल्कि उनकी बढ़ती संख्या है।
आवारा कुत्तों के आतंक से परेशान निवासी
दिल्ली के शालीमार एक्सटेंशन 2 ए ब्लॉक के निवासी स्ट्रे डॉग के आक्रामक होने से परेशान हैं। यहां से सेंट मेरी स्कूल के पास गलियों में लगभग 18 से 20 आवारा कुत्ते आक्रामक हो गए हैं, जो आते-जाते लोगों पर हमला बोल देते हैं। इससे बुजुर्गों महिलाओं और बच्चों का बाहर निकलना दूभर हो गया है। इस ब्लॉक में लगभग ढाई हजार लोग रहते हैं। इस संदर्भ में एनबीटी रीडर मनीष सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि गलियों में झुंड बनाकर स्वान बैठे रहते हैं। बिना बोले बिना किसी के द्वारा नुकसान पहुंचाए आते जाते लोगों पर चुपके और पीछे से हमला कर देते हैं।