
भगवान भोलेनाथ की 8 को निकलेगी बरात
निःशुल्क मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी
कुक्षी
नगर के एमजी रोड़ स्थित श्री लक्ष्मीनारायण शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन पर्व के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसकी तैयारियों जोरों-शोरों से चल रही हैं। समिति सदस्यों द्वारा मंदिर सहित प्रांगण में मनमोहक फूलों के साथ ही विद्युत साज-सज्जा की जा रही है। महोत्सव के अंतर्गत 6 मार्च बुधवार को दोपहर 1 से 3 बजे तक सीनियर एवं जूनियर वर्ग में निःशुल्क मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिसमें बालिकाएं एवं महिलाएं हिस्सा ले सकती हैं। इसके साथ ही शाम को महिला मंडल की सदस्यों द्वारा भगवान भोलेनाथ एवं माता पार्वती का हल्दी कार्यक्रम होगा। 7 मार्च को शाम 7 बजे से बालिका, महिला मंडल सदस्यों एवं आमंत्रित कलाकारों द्वारा भक्तिमय महिला संगीत का आयोजन आयोजित किया जाएगा। जिसमें भक्तिमय सुमधुर भजनों पर मनमोहक नृत्यों की प्रस्तुतियां दी जाएगी।वहीं 8 मार्च शुक्रवार को दोपहर
2 बजे भगवान भोलेनाथ की शिव बरात निकाली जाएगी। जिसका नगर के श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। बरात नगर के तलावड़ी रोड़ से प्रारंभ होगी, जो नगर के पाटीदार मोहल्ला, भवसार मोहल्ला, सुतार मोहल्ला, कचहरी चौक होते हुए लक्ष्मीनारायण शिव मंदिर पहुंचेगी। जहां पर भगवान भोलेनाथ की महाआरती कर महाप्रसादी वितरित की जाएगी। समिति के सदस्यों ने आयोजित महोत्सव में नगर की धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक की संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।