
झाबुआ 07 मार्च, 2024। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ के तत्वाधान में 09मार्च 2024 को आयोजित होने वाली वर्ष की प्रथम नेशनल लोक अदालत के लिए जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्रीमती विधि सक्सेना द्वारा 07मार्च 2024 को प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर न्यायालय परिसर झाबुआ से रवाना किया गया।
इस अवसर पर जिला न्यायाधीश श्रीमती विधि सक्सेना ने कहा कि आज हम नेशनल लोक अदालत के आयोजन से पूर्व इसके प्रचार-प्रसार के लिए एक मुहिम शुरू कर रहे हैं। यह मुहिम न केवल शहरी क्षेत्रों में बल्कि दूर-दराज के गांवों तक फैली होगी। हमारा लक्ष्य है कि लोक अदालत की अवधारणा प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे और उन्हें इस बात का ज्ञान हो कि वे अपने विवादों का निपटारा गतिशील, निष्पक्ष एवं कम खर्चीले तरीके से करा सकते हैं। लोक अदालतों ने न केवल न्यायालयों पर लंबित मामलों का भार कम किया है बल्कि नागरिकों को भी उनके विवादों के निपटान में सहायता प्रदान की है।हमारे प्रचार वाहन शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और अन्य जनसमुदायों में जाकर लोगों को लोक अदालत की प्रक्रिया से अवगत कराएंगे। साथ ही उन्हें आगामी लोक अदालत में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। मैं आप सभी से अनुरोध करती हूं कि आप भी इस मुहिम में अपना योगदान दें और अधिक से अधिक लोगों को इसके बारे में बताएं। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में अपने मामलों को सुलह-समझौते एवं राजीनामा के आधार पर निराकरण कर उन्हें कोर्ट फीस वापिस के साथ-साथ एक छायादार/फलदार पौधा न्याय वृक्ष के रूप में भेंट स्वरूप दिया जायेगा। इस प्रचार वाहन के माध्यम से राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी पेम्पलेट का भी वितरण किया जायेगा।
09मार्च 2024 को होने वाली नेशनल लोक अदालत में कुल 15 खण्डपीठों का गठन किया गया है जिसमें जिला न्यायालय झाबुआ में 10 खण्डपीठें, तहसील न्यायालय पेटलावद में 03 खण्डपीठें एवं तहसील थांदला में 02 खण्डपीठों का गठन किया गया हैं।
इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश श्री विवेक सिंह रघुवंशी, द्वितीय जिला न्यायाधीश श्री सुभाष सुनहरे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री गौतम सिंह मरकाम, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री विजय पाल सिंह चौहान, सुश्री साक्षी मसीह, श्रीमती पूनम सिंह, श्री बलराम मीणा, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री सागर अग्रवाल, अभिभाषक संघ के उपाध्यक्ष श्री योगेश जोशी, अधिवक्ता श्री अशोक सिहं राठौर, श्री रूपेश शर्मा, श्री विश्वास शाह, श्री शिवम वर्मा एवं अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहें।