
ढाई करोड़ की लागत से बारासारी गहरीकरण एवं सौंदरीकरण का काम हुआ प्रारम्भ
इन्दौर फर्स्ट जिला ब्यूरो मुकेश चतुर्वेदी
गंजबासौदा। नगर पालिका परिषद द्वारा कम समय में इतने सारे विकास कार्य कराए गए हैं जो पहले कभी देखने को नहीं मिले। निश्चित ही पूरी नगर पालिका परिषद बधाई की पात्र है। लगभग ढाई करोड़ की लागत से अब पाराशरी के सौंदरीकरण और गहरीकरण कार्य से वह अपने मूल स्वरूप में वापस लौटेगी। उक्त बात आज यहां पलोड़ पेट्रोल पंप के पास नगर पालिका परिषद द्वारा रखे गए पाराशरी सौंदरीकरण एवं गहरीकरण कार्यक्रम के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक हरि सिंह रघुवंशी ने कहीं।
उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि मैं आशा करता हूं कि भविष्य में पाराशरी का पानी पीने योग्य बने और इसके घाटों पर धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हो। मैं यह भी प्रयास करूंगा कि गमाकर स्थित बेतवा नदी का पानी पाराशरी में लाकर मिलाया जाए। इससे जहां किसानों को भरपूर पानी मिलेगा वहीं जल स्तर भी बना रहेगा। विधायक श्री रघुवंशी ने कहा कि पाराशरी नदी का संबंध ऋषि पराशर से है और यह हमें अत्यंत पूज्यनीय भी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शशि अनिल यादव ने कहा कि हम और आप सभी एक दूसरे के सहयोग से स्वच्छता के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे। बासौदा का विकास होगा और हम सभी पाराशरी को बहते हुए देखना चाहेंगे। इसी क्रम में सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र यादव ने नपा के कार्यकाल के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से बायपासों का निर्माण, सड़कों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि पंचतत्व संस्था, जनप्रतिनिधिगण, समाजसेवी,पार्षदों और एसडीएम विजय राय के मार्गदर्शन में जनसहयोग से पूर्व में पारासरी का गहरीकरण भी किया गया था जिससे बरसात में दिक्कत नहीं आई और आज ढाई करोड़ की लागत से इसका गहरीकरण, घाट का निर्माण, सौंदरीकरण, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य प्रकिया काम 3 साल में पूरे किए जाएंगे।
कार्यक्रम में एसडीएम विजय राय ने कहा कि जैसा कि सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र यादव ने बताया कि इंजीनियर सौरभ श्रीवास्तव की मेहनत से 32 करोड़ की योजना सरकार ने मंजूर कर ली है। इससे वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट लगेगा और पारासरी का पानी शुद्ध होगा। आज पाराशरी को पुनर्जन्म देने पर काम किया जा रहा है जो प्रसंशनीय है। इस काम में सभी बढ़-चढकर सहभागिता करें। क्योंकि जो हम पर्यावरण से लेते हैं हमें भी पर्यावरण को वही लौटाना जरूरी है। जिला अध्यक्ष डॉ राकेश सिंह जादोन ने इस काम के लिए सभी को बधाई दी और नपा के द्वारा कराए गए विकास कार्यों, बाईपास मार्गों के निर्माण पर कहा कि नागरिकों को जाम से भी मुक्ति मिलने लगी है। इसी क्रम में पर्यावरण विद् वीरेंद्र मोहन ने कहा कि वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय श्री अनिल यादव का सपना भी साकार हो रहा है हम सभी पाराशरी को पहले की तरह देखना चाहते थे और यह सपना नगर पालिका परिषद पूरा कर रही है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए पंचतत्व तत्व संस्था के अध्यक्ष दांगी ने कहा की पंचतत्व संस्था ने नपा के सहयोग से पाराशरी की दिशा और दशा बदलने का संकल्प लिया जो पूरा होता दिखाई दे रहा है। इसी के साथ ही वार्ड क्रमांक 9 में सामुदायिक भवन और वार्ड क्रमांक 14 में गटर निर्माण सहित अन्य कामों का भी भूमि पूजन किया गया।
इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार एवम पार्षद सौदान सिंह यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश तिवारी, जिला पंचायत सदस्य गायत्री रघुवंशी, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र मैना, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दिप्पु रघुवंशी, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, विश्वकर्मा कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम नारायण विश्वकर्मा, प्रभात शर्मा, अख्तर कुरैशी, वरिष्ठ भाजपा नेत्री रीता देवी भावसार, पूर्व जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि गोविंद पटेल, डॉ केके तिवारी, एसडीओपी मनोज मिश्रा, टीआई संजीव चौकसे, नगर पालिका सीएमओ पवन कुमार शर्मा, पार्षद अंशलेखा भावसार, पार्षद नीलू चौबे, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजयुमो रोहित भावसार, नेता प्रतिपक्ष जगदीश व्यास,पार्षद सतीश कटारे, पार्षद सुनील साहू, पार्षद मूलचंद अहिरवार, प्रमोद राजपूत, विजय अग्रवाल, मनोज गुप्ता, राजेंद्र सूर्यवंशी, अशोक राय, डॉक्टर विमल जैन, राकेश खंडेलवाल, प्रकाश राय, पूर्व पार्षद योगेंद्र समैया, पार्षद प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुशवाहा, सरदार अहिरवार शाहिद समस्त पार्षद गण एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।