अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर साड़ी वॉकथॉन का आयोजन हुआ

जिला जनसम्पर्क कार्यालय अलीराजपुर म.प्र

अलीराजपुर 07 मार्च 2024 । वस्त्र मंत्रालय के अन्तर्गत संत रविदास मध्य प्रदेश हस्तशिल्प एवं हाथ करघा विकास निगम लिमिटेड भोपाल के अंतर्गत अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के एक दिवस पुर्व वन भारत साड़ी वॉकाथॉन 2024 आत्मनिर्भर नारी,गर्व से पहने साड़ी थीम पर वॉकथॉन के रूप में टंकी ग्राउण्ड से आयोजित हुई जो कि नगर के मुख्य मार्ग बस स्टैंड , नीम चौक से हॉट गली होते हुए फतेह क्लब पहुंची । इस कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनिता नागर सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य, विधायक विधानसभा क्षेत्र जोबट श्रीमती सेना महेश पटेल की अध्यक्षता एवं अपर कलेक्टर श्रीमती अनुपमा चौहान के विशेष आतिथ्य में हुआ।
स्वागत उद्बोधन में अपर कलेक्टर श्रीमती अनुपमा चौहान ने कहा कि महिला सामाजिक राजनैतिक सांस्कृतिक सभी क्षेत्रों में आगे बढ रही है। उन्होने शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि जब महिला शिक्षित होगी तो समाज भी शिक्षित होगा । शिक्षा से ही परिवार एवं समाज की प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा ।
जोबट विधायक श्रीमती सेना महेश पटेल ने अपने वक्तव्य में कहा कि 08 मार्च को पूरा विश्व महिला शक्ति के योगदान को याद करते हुए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाता है। उन्होने बताया कि हर महिला एक समान है उन्हे आगे आकर जिले एवं देश में अपने अपने कार्यक्षेत्र में नाम रोशन करना चाहिए । उन्होने बताया कि ग्रामीण परिवेश की महिलाएं उचित शिक्षा के माध्यम से ही अपने अधिकारों की जानकारी पाती है एवं प्रगति के रास्ते पर आगे बढ सकती है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनिता नागर सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि विगत दिनों में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आयोजित नारी शक्ति कार्यक्रम प्रत्येक जनपद स्तर पर आयोजित हुए जिसमें उन्हे ड्रोन दीदी के बारे में जानने का अवसर मिला । उन्होने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम से लोकसभा एवं विधानसभा में महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने के लिए 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का प्रावधान किया है जो कि महिलाओं के सम्मान में एक सार्थक कदम है। उन्होने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एक आदिवासी परिवार में उनका जन्म हुआ । शिक्षा पाने के लिए काफी मेहनत व संघर्ष करना पड़ा । पति श्री नागरसिंह चौहान द्वारा दी गई प्रेरणा से एवं सहयोग से आज यह मुकाम हासिल किया है। उन्होने बताया कि उचित शिक्षा एवं परिवार के सहयोग से ग्रामीण अंचल की महिलाएं भी आगे आकर अपने अपने कार्य क्षेत्र में महती भूमिका निभा सकती है। उन्होने कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती है हम लोगों को किसी भी उम्र में अगर आगे बढ़ने के लिए अवसर प्राप्त होता है तो हमे अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने इस अवसर पर लाडली बहना , आयुष्मान भारत , पीएम विश्वकर्मा योजना में महिला हितग्राहियों को होने वाले लाभ के बारे में विशेष जानकारी दी ।
इस दौरान आजीविका मिशन के तहत श्रीमती इकुं बघेल , श्रीमती विनिता राठौर एवं श्रीमती अनीता बामनीया, स्व सहायता समूह सुर्या , तुलसी , गायत्री ,आजाद, पार्वती ,जमुना लक्ष्मी के सदस्यों को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में सलोनी कलेश ,कविता चौहान ,मीनाक्षी जमरा को गोल्ड मेडल मिलने एवं क्रिकेटर रिद्ध मूर्ति को जिले का नाम राज्य स्तर पर रोशन करने के लिए प्रशस्ति पत्र सौंपे गए।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ अभय अरविंद बेडेकर , पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ,मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक चौधरी , महिला एवं बाल विकास नोडल अधिकारी सुश्री प्रियांशी भंवर उपस्थित थे। मंच का संचालन श्री जितेन्द्र तंवर द्वारा किया गया । आभार डिप्टी कलेक्टर सुश्री निधि मिश्रा ने माना । कार्यक्रम में आजीविका मिशन , महिला एवं बाल विकास के अधिकारी समेत बडी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित थी।

फोटो 01 साडी वॉकथॉन में सम्मिलित कलेक्टर डॉ अभय अरविंद बेडेकर
फोटो 02 उद्बोधन देते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता नागरसिंह चौहान
फोटो 03 प्रशस्ति पत्र सौंपते हुए

jtvbharat
Author: jtvbharat