आबकारी उड़नदस्ता द्वारा तीन अलग-अलग जगहों से हाथभट्टी शराब पकड़ी ।

लोकसभा चुनावों की घोषणा होते ही अवैध शराब की धर पकड़ तेज हो गयी है । पन्ना कलेक्टर सुरेश कुमार के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी संतोष कुमार के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी शम्भूदयाल सिंह के नेतृत्व में आबकारी उड़नदस्ता द्वारा लगातार कार्यवाईयाँ की जा रही है । उड़नदस्ता प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी, कि बृजपुर थाना क्षेत्र के कुछ गांवों में अवैध रूप से महुये की हाथभट्टी कच्ची शराब न केवल बनाई जा रही है, बल्कि बेची भी जा रही है । महुये की हाथभट्टी पर बनाई जा रही यह कच्ची शराब न केवल अवैध और अमानक होती बल्कि मानव जीवन के लिए अत्याधिक हानिकारक भी होती है, कई बार तो जानलेवा भी हो जाती है । आबकारी उड़नदस्ता द्वारा सबसे पहले ग्राम उड़की में दीपिका सरकार पिता गौर सरकार उम्र 22 वर्ष की किराने की दुकान पर दबिश देकर विधिवत तलाशी ली । तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 15 लीटर हाथभट्टी महुये की शराब और 20 लीटर महुआ लहान अनुमानित कीमत 4250 रुपये जप्त की गयी । आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) का अपराध दर्ज किया गया । इसके बाद जमुनहाई, किटहा, उड़ला में भी कुछ संदिग्ध जगहों पर दबिश दी गयी, लेकिन खबर मिल जाने के कारण इन जगहों पर कोई अवैध मादक पदार्थ बरामद नही हो सका । अतः आबकारी उड़नदस्ता द्वारा पहाड़ीखेड़ा क्षेत्र में दबिश देने का निर्णय लिया गया । पहाड़ीखेड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम मोहनपुरवा में श्रीमती जुग्गी बाई आदिवासी पति स्वर्गीय श्री सुतकइया आदिवासी, उम्र 52 वर्ष के रिहायसी मकान की विधिवत तलाशी ली गयी । तलाशी के दौरान आरोपी के रिहायसी मकान से 5 लीटर हाथभट्टी कच्ची शराब और 15 लीटर महुआ लहान अनुमानित कीमत 2250 रुपये के साथ कच्ची शराब बनाने के उपकरण भी प्राप्त हुए । आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) का अपराध पंजीबद्ध किया गया । इसके बाद ग्राम पंचायत गजना के पटकन टोला में श्रीमती सीमा निशा पति श्री छोटू खान उम्र 40 वर्ष के रिहायशी मकान से 10 लीटर हाथभट्टी कच्ची शराब और 20 लीटर महुआ लाहन अनुमानित कीमत 3500 रुपये जप्त किये गए । आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1) का अपराध पंजीबद्ध किया गया । उक्त कार्यवाई के दौरान सहायक जिला आबकारी शंभु दयाल सिंह, उड़नदस्ता प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय, परिवीक्षाधीन आबकारी उपनिरीक्षक हरीश पाण्डेय, सुधीर दिनकर, विक्रांत जैन , आरक्षक सोनू कोरकू, स्मिता ठाकुर, कुलदीप जाटव, नगर सैनिक नरेंद्र शुक्ला, फोटोलाल प्रजापति, सोहिल खान और सोनू बुन्देला शामिल रहे ।

jtvbharat
Author: jtvbharat