
जिला ब्यूरो चीफ रेखा लहासे
बुरहानपुर-लोकसभा आम निर्वाचन-2024 के मद्देनजर जिले में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री भव्या मित्तल के निर्देशानुसार निर्वाचन के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के दृष्टिगत विशेष पुलिस अधिकारी नियुक्त किये गये है। जिनका आज प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। जिसमें वन विभाग के 190 वन रक्षक, 333 कोटवार तथा अन्य विभागों के 55 कर्मचारियों, इस प्रकार कुल 578 कर्मचारियों को विशेष पुलिस अधिकारी बनाया गया है।
परमानंद गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में आज आयोजित प्रशिक्षण में प्रशिक्षणार्थियों को पीपीटी के माध्यम से आदर्श आचार संहिता का पालन करवाने, पोलिंग बूथ पर ड्यूटी के दौरान प्रोटोकॉल, नियमों, सक्रियता तथा आपसी सांमजस्य के साथ कार्य करने इत्यादि की जानकारी दी गई। विशेष पुलिस अधिकारियों को बताया गया कि, अपने-अपने सेक्टर आफिसर, थाना प्रभारी का मोबाईल नंबर अपने पास अवश्य रखें, ताकि समस्या होने पर तत्काल संपर्क किया जा सकें। प्रशिक्षण अवसर पर मतदाता जागरूकता अभियान की वीडियों क्लिप का भी प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वीरसिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश, डिप्टी कलेक्टर श्री राजेश पाटीदार सहित अन्य अधिकारीगण व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।