
जिला ब्यूरो चीफ रेखा लहासे
बुरहानपुर/-ग्राम नानानगरी में जल संरक्षण एवं निर्मल नीर के कार्यो को प्राथमिकता से पूर्ण करें। साथ ही माध्यमिक शाला भवन का शीघ्रता से मरम्मत कार्य किया जाये। कक्षा 5 वीं के बाद के छात्र-छात्राओं को जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत छात्रावासों/आश्रमों में प्रवेश दिलाया जाये। यह निर्देश ग्राम नानानगरी के भम्रण के दौरान कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल ने दिये। विदित है कि, आज खकनार जनपद पंचायत अंतर्गत कलेक्टर सुश्री मित्तल विभिन्न ग्रामों के दौरे पर रही। उन्होंने ग्राम टेम्भी, मोहनगढ़, खकनारखुर्द इत्यादि ग्रामों का भ्रमण करते हुए शालाओं, आंगनवाड़ी केन्द्रों, राशन दुकानों, ईकेवायसी कार्य का मौका-मुआयना किया।
उन्होंने माध्यमिक शाला टेम्भी के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित 2 शिक्षकों का एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिये। सेल्समेन का कार्य संतोषजनक नहीं पाये जाने पर, जिला आपूर्ति अधिकारी से कहा गया कि सेल्समेन पर कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। वहीं ग्राम पंचायत में चल रहे निर्माण कार्यो को शीघ्रता से पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। ग्राम मोहनगढ़ के भ्रमण के दौरान नाली सुधार एवं साफ-सफाई के निर्देश भी दिये गये। गर्मी के मौसम को देखते हुए तत्काल ही ग्राम में हैण्डपंप को चालू करवाने के निर्देश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को दिये। कलेक्टर सुश्री मित्तल ने टेम्भी, मोहनगढ़, खकनारखुर्द, निमंदड़, रंगई में लैण्ड ई-केवायसी कार्य की समीक्षा की, उन्होंने ई-केवायसी कार्य को जल्द से जल्द शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए समस्यायें भी सुनी तथा निराकरण हेतु अधिकारियो को निर्देशित किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत सीईओ श्रीमति वंदना कैथल, तहसीलदार श्री प्रवीण ओहरिया सहित संबंधित अधिकारीगण व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।