दोहरे हत्याकांड का 14 वां आरोपित गिरफ्तार, सात की अभी भी तलाश

 रतलाम । नामली पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के फरार चल रहे आठ आरोपितों में से 25 वर्षीय ध्रुव जाट पुत्र भरतलाल जाट निवासी नामली को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी पर एसपी राहुल कुमार लोढा ने दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसे गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उसे 12 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए हैं।

जांच में पुलिस को पता चला था कि जेल में हुई मारपीट व आपसी विवादों के चलते साजिश रचकर उनकी हत्या की गई है। मामले में 21 आरोपित शामिल थे। दो दिन बाद सात आरोपितों राहुल जाट निवासी रामगढ़ (सैलाना), सूर्यपालसिंह पड़ियार व बबलू गुर्जर निवासी बिबडौ़द, शैलेंद्र डिंडोर उर्फ शेलू, अंकित कुमावत व योगेश सोनावा निवासी नामली तथा अभिषेक जाट निवासी धमोत्तर को गिरफ्तार किया गया था।

इसके बाद दो अप्रैल को चरणसिंह चौधरी निवासी ग्राम नेगड़दा को, पांच अप्रैल को आरोपित सौरभ गोहलोत, विजय मेट, दीपक गेहलोत तीनों निवासी नामली व दस हजार के इनामी आरोपित सौरभ मराठा निवासी रतलाम को गिरफ्तार किया गया था। 10 अप्रैल को आरोपित प्रदीप जोशी को भी गिरफ्तार किया गया था। उक्त सभी आरोपित जेल भेजे जा चुके है।

आरोपित ध्रुव जाट को पुलिस थाने से मेडिकल कराने अस्पताल व घटनास्थल की तस्दीक के लिए घटनास्थल तक पैदल ले गई। रास्ते में उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस के अनुसार शेष सात आरोपित कान्हा उर्फ कन्हैयालाल जाट, दीपक जाट, रोहित कुमावत, दीपक गुर्जर, भगवान सिंह, समरथ चौधरी व राजाराम चौधरी फरार चल रहे हैं। इन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

jtvbharat
Author: jtvbharat