
एजेंसी, नई दिल्ली (Lok Sabha Polls 2024 LIVE)। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए दिग्गज नेताओं का धुआंधार चुनाव प्रचार जारी है। पहले चरण में 102 सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान होगा, जिसके लिए चुनाव प्रचार बुधवार शाम थम जाएगा। वहीं प्रमुख दलों के दिग्गज नेताओं का चुनाव प्रचार जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही अमित शाह, जेपी नड्डा, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा रैलियां कर रहे हैं। यहां जानिए 17 अप्रैल 2024, बुधवार की हर चुनावी हलचल
यूपी के सहारनपुर में प्रियंका वाड्रा ने भाजपा के 400 पार के नारे पर कहा, अगर देश में ऐसा चुनाव हो, जहां ईवीएम में ‘गड़बड़ी’ न हो, तो वे 180 सीट से ज्यादा नहीं जीतेंगे। जिस आधार पर वे कह रहे हैं कि 400 सीटें पार करेंगे, इसका मतलब तो यह है कि वे अच्छी तरह से जानते हैं कि उन्होंने पहले ही कुछ शरारत की है, तभी उन्हें पता है कि उन्हें 400 से अधिक सीटें मिल रही हैं।
गाजियाबाद में राहुल गांधी और अखिलेश यादव की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस
यूपी के गाजियाबाद में राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की। दोनों नेताओं ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए और दावा किया कि लोकसभ चुनाव में इंडी गठबंधन पूर्ण बहुमत से विजयी होने जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा, लूट और झूठ भाजपा की पहचान। इनकी नैतिकता का बुलबुला फूट चुका है। पश्चिम की हवा और माहौल बदलने जा रहा है।
राहुल गांधी ने कहा, ये विचारधारा का चुनाव है। भाजपा मुद्दों पर बात नहीं करती है। बेरोजगारी महंगाई चुनाव के मुद्दे हैं। राहुल गांधी ने पीएम के ANI वाले साक्षात्कार को फ्लाप शो बताया। कहा- लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश हो रही है, हम संविधान को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।