
कुक्षी – लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के लिए धार – महू लोकसभा क्षेत्र क्रमांक 25 के लिए 13 मई सोमवार को प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होना है । इस हेतु मतदान दलों में नियुक्त मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण 18 से 20 अप्रैल को होगा । विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 198 कुक्षी के लिए नियुक्त पीठासीन अधिकारियों व मतदान अधिकारी क्रमांक एक के 918 मतदानकर्मियों का प्रशिक्षण शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुक्षी में 9 कक्षों में प्रातः 10:00 बजे शाम 5 बजे तक होगा । इस प्रशिक्षण में 20 मास्टर ट्रेनर्स के मार्गदर्शन में मशीन के संयोजन व संचालन की प्रक्रिया तथा मतदान केन्द्र पर मॉकपोल , मतदाताओं के मतदान की प्रक्रिया हैंड्सऑन के लिए कक्ष क्रमांक 31 ऊपरी हॉल में तथा एक कक्ष में डमी मतदान केन्द्र की व्यवस्था रखी गई है ।
प्रशिक्षण स्थल पर एक कक्ष छोटे बच्चों व उनकी माताओं के लिए आंचल कक्ष की तर्ज पर सुविधा कक्ष बनाया गया है । इस कक्ष के बच्चों के लिए महिला बाल विकास विभाग द्वारा खेल सामग्री के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की नियुक्ति की जा रही है ।
लोकसभा निर्वाचन के सहायक रिटर्निंग ऑफिसर व एसडीएम प्रमोदसिंह गुर्जर ने निर्देश दिए हैं कि मतदान दल के लिए नियुक्त मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण के दौरान शीतल पेयजल, विद्युत तथा पंखे आदि की समुचित व्यवस्था रहे । प्रशिक्षण नोडल अधिकारी तहसीलदार काशीराम वास्कले तथा सहायक नोडल अधिकारी प्राचार्य अनिल कुमार दलाल व निर्वाचन शाखा प्रभारी जीवन अलावा के मार्गदर्शन में प्रत्येक कक्ष में प्रोजेक्टर की व्यवस्था कर दी गई है । यह निर्वाचन के पूर्व का मुख्य पूर्ण प्रशिक्षण होगा जिसको गंभीरतापूर्वक लिया जाना चाहिए । उक्त जानकारी निर्वाचन मीडिया अधिकारी मनोज साधु व इरफान मंसूरी ने दी ।