Lok Sabha Chunav 2024: बुजुर्ग मतदाता के घर पहुंची कलेक्टर, गोपनीयता के साथ कराया मतदान

ग्वालियर: बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के घर पहुंचकर सम्पन्न कराई जा रही मतदान प्रक्रिया का जायजा लेने शनिवार को कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी रुचिका चौहान मरीमाता रेलवे क्रासिंग के समीप स्थित बस्ती में पहुंची। यहां 85 वर्षीय बुजुर्ग शिवराजीराव ताम्बट के निवास पर पहुंचकर कलेक्टर ने गोपनीयता के साथ बुजुर्ग से मतदान कराया। साथ ही उनकी पत्नी अरुणा ताम्बट को मतदाता सूचना पर्ची दी। कलेक्टर चौहान को अपने घर देख बुजुर्ग शिवराजीराव प्रसन्न नजर आए।

इसके बाद कलेक्टर चौहान चंदन नगर में दीक्षित निवास पर पहुंची। यहां छह सदस्यों को मतदाता पर्ची का वितरण किया। इसके साथ ही उन्होंने अपील की कि वे सात मई को अपने मताधिकार का प्रयोग करें और अधिक से अधिक लोगों को इसके लिये प्रेरित भी करें। इस अवसर पर एआरओ अतुल सिंह, अशोक चौहान सहित सेक्टर मजिस्ट्रेट व मतदान कराने गए अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे। बुजुर्गों व दिव्यांगों से घर-घर जाकर वोट डलवाने के लिए जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 120 रूट निर्धारित किए गए हैं। इसकी जानकारी सभी प्रत्याशियों को भी दी गई है।

प्रथम चरण में ऐसे बुजुर्ग व दिव्यांग जो मतदान नहीं कर पाए। वह अब द्वितीय चरण में 28 अप्रैल को मतदान कर सकेंगे। इनके यहां मतदान दल पहुंचेंगे। दरअसल 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्गों और 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाताओं को घर बैठे मतदान की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिन्होंने घर पर ही वोट डालने की सहमति दी है। सहमति दो हजार 310 बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं ने दी।

 

 

 

jtvbharat
Author: jtvbharat