सिंधिया परिवार से मेरे पारिवारिक रिश्तेः दिग्विजय सिंह

– पूर्व मुख्यमंत्री ने रानीमहल पहुंचकर राजमाता को दी श्रद्धांजलि
ग्वालियर। सिंधिया परिवार से हमारे शुरू से परिवारिक रिश्ते रहे हैं। राजमाता विजयाराजे सिंधिया के समय से यह रिश्ते हैं। राजमाता माधवीराजे का जाना बेहद दुखद है। यह क्षति न भरने वाली क्षति है। यह बात शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने स्व. राजमाता माधवीराजे सिंधिया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुये कही।
शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ग्वालियर पहुंचे और ग्वालियर पहुुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सीधे रानीमहल पहुंचे। यहां पर उन्होंने स्व. राजमाता माधवीराजे को पुष्पांजलि अर्पित कर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर राजमाता के निधन पर शोक व्यक्त किया। दिग्विजय सिंह करीब एक घंटा महल में रहे। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, उनके सुपुत्र महान आर्यमन सिंधिया से भी बातचीत की। इस दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा सहित अन्य कांग्रेसी भी थे। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुये दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं इस दुख की घड़ी में सिंधिया परिवार के साथ हूं। इस परिवार से मेरे पारिवारिक रिश्ते हैं। यह अभी से नहीं हैं बल्कि काफी पुराने हैं। राजमाता विजयाराजे सिंधिया के समय और उनसे पहले के हैं। राजमाता का निधन कभी न भरने वाली क्षति है। मैं ईश्वर से यही कामना करता हूं कि परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दें।

jtvbharat
Author: jtvbharat