ग्राम बोरखेड़ा में महिला की मौत पर पीहर पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप किया चक्काजाम, ग्रामीणों ने विरोध जताया

पुलिस ने दिया कार्यवाही का भरोसा

हसमुख बोहरा
मनासा:- थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम बोरखेड़ा दांतोली में शुक्रवार दोपहर में एक 24 साल की महिला की मौत हो गई थी। महिला की मौत के बाद पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए आज शनिवार सुबह सामूदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर चक्काजाम कर दिया था। बड़ी संख्या में महिला के परिजन व ग्रामीण अस्पताल के बाहर एकत्रित हुए। ग्रामीणों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एसडीओपी व मनासा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझाइश दी। इसके बाद परिजन पीएम के लिए राजी हुए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की पैनल द्वारा महिला का पीएम किया गया। पुलिस ने पीहर पक्ष की शिकायत पर मामला जांच में लिया है।

नारायणगढ़ थाना अंतर्गत आने वाले रायखेड़ा निवासी मृतक महिला के भाई लवकुश गरासिया ने बताया कि मेरी बहन के साथ आए दिन किसी ना किसी बात पर उसका पति कप्तान बंजारा मारपीट कर प्रताड़ित करता था। साथ ही रूपयों की मांग भी करता था। ससुराल पक्ष के लोग कल शुक्रवार को उसकी हत्या कर मनासा शासकीय अस्पताल लेकर आए और वहीं छोड़कर चले गए। जैसे ही हमे घटना की सूचना मिली तो शासकीय अस्पताल मनासा पहुंचे, लेकिन ससुराल पक्ष से वहां पर कोई मौजूद नहीं था।

हत्या का आरोप लगाते हुए परिजनों और ग्रामीणों ने मनासा शासकीय अस्पताल के सामने चक्काजाम कर दिया और महिला का पोस्टमार्टम नहीं होने दिया। पुलिस ने महिला के पति कप्तान बंजारा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वहीं ढाई साल की बालिका को परिजनों के सुपूर्द किया है। उसके बाद चक्काजाम खोला गया।

एसडीओपी विमलेश उईके ने बताया कि महिला ने आत्महत्या की है। मर्ग कायम कर पैनल के आधार पर पोस्टमार्टम किया गया।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। समझाइश के बाद परिजन महिला के शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हुए।

jtvbharat
Author: jtvbharat