
संवाददाता रविन्द्र खाण्डेकर
मंडलेश्वर (नि प्र ) ग्राम पंचायत लाड़वी में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डलेश्वर के सचिव एवं जिला न्यायाधीश सुजीत कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण यदि 15 लोगो का ग्रुप बनाकर रोजगार की मांग करते है तो उन्हें 15 दिन के अंदर रोजगार उपलब्ध कराया जा सकता है। यह कार्य सरकार की मनरेगा योजना के तहत पंचायत द्वारा उपलब्ध कराया जाता है। प्रत्येक मजदूर को अपना पंजीयन अवश्य करना चाहिए। मनरेगा योजना को दुनिया की सबसे बड़ी योजना माना जाता है जिसमें रोजगार की गारंटी दी गई है। इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास होता है। गरीब व्यक्ति को काम मिलने से जो निर्माण कार्य होते हैं उससे अन्य लोगों को भी रोजगार मिलता है जैसे गांव में बनने वाले सामुदायिक भवन या स्कूल के बनने से पेंटर को, मिस्त्री को, प्लम्बर को, इलेट्रेशियन को भी रोजगार मिलता है। नालसा की गरीबी उन्मूलन योजना, 2015 का प्रभावी क्रियान्वयन के बारे में भी विस्तार से बताया गया। यदि शासन की किसी योजना का लाभ आपको नहीं मिल पा रहा है तो ऐसे व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में भी अपना आवेदन दे सकते है।
द्वितीय जिला न्यायाधीश दीपक चौधरी ने ग्रामीणों को बताया कि अशिक्षा कभी तरक्की में बाधक नहीं होती है। एक अनपढ़ व्यक्ति आज बड़ी कुशलता से मोबाइल का उपयोग करता है। लेकिन व्यक्ति के लिये शिक्षा जरुरी है। सरकार गरीबी उन्मूलन की कई योजनाएं चला रही है। गरीबी को दूर करने के लिये एक दूसरा तरीका भी अपना सकते है ज्यादा कमाएं और खर्च कम करने से भी आपका आर्थिक स्तर ऊंचा हो सकता है। मनरेगा रोजगार के लिये सरकार की गारंटी है।
जनपद पंचायत महेश्वर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी लक्ष्मण सिंह राठौर ने विधिक साक्षरता शिविर में ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए बताया कि मनरेगा योजना के अंतर्गत किसी भी समुदाय के व्यक्ति को रोजगार की गारंटी दी गई है। इस योजना में मजदूरी का रेट 243 रुपये प्रतिदिन की दर से तय किया गया है। इस योजना के सक्रिय कार्ड धारक को एक वर्ष में 100 दिन के रोजगार की गारंटी दी गई है।
ग्राम के वरिष्ठ समाजसेवी दशरथ यादव ने भी मनरेगा के कार्याे की समीक्षा की। ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक दिलीप मालवीय ने मनरेगा के तहत पंचायत में हो चुके व चल रहे कार्याें के अलावा अन्य जानकारियां दी। कार्यक्रम का संचालन पैरालीगल वालेंटियर दुर्गेश कुमार राजदीप ने किया व आभार ग्रामीण आजीविका मिशन के सहायक विकास खण्ड समन्वयक महेन्द्र गांगले ने माना। इस अवसर पर सरपंच रतन सिंह रंधावा विशेष अतिथि के रूप में शामिल रहे। कार्यक्रम में सचिव रमण कुशवाह, जनपद के सहायक लेखा अधिकारी रणजीत सिंह मण्डलोई, पंचायत समन्वयक ओपी जाट, सचिव कालू सिंह पटेल, सचिव प्रेमलाल यादव, ग्रामीण आजीविका मिशन के सहायक विकास खण्ड समन्वयक महेश भंवर, मनीष खेड़े, अमित चौहान, दिनेश मौर्य, पेसा एक्ट समन्वयक सन्तोष चौहान, मोबिलाइजर ईशा कोचले, आशा कार्यकर्ता अनिता वानखेड़े, स्वास्थ्य विभाग से अनिता भालसे, सरिता यादव सहित महिला पुरुष मनरेगा जॉब कार्ड धारक उपस्थित थे।