कलेक्टर श्री सिंह ने सहकारी बैंक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की

ऋण वितरण और वसूली कार्य में तेजी लाने के दिये निर्देश

उज्जैन। कलेक्टर एवं सहकारी बैंक प्रशासक श्री नीरज कुमार सिंह द्वारा शुक्रवार को सहकारी बैंक के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में श्री सिंह ने रबी 2023-24 ऋण वितरण शाखावार लक्ष्य पूर्ति, खरीफ 2024 ऋण वितरण का लक्ष्य, शाखावार लक्ष्य, अग्रिम खाद भण्डारण एवं वितरण, कुल ऋण मांग एवं वसूली, कृषि ऋणों की वसूली, शाखावार ऋण वसूली लक्ष्य पूर्ति, सदस्य स्तर की वसूली, कुल कालातीत मांग के विरूद्ध कुल वसूली एवं प्रतिशत, धारा 84 के प्रकरण दायर करने की स्थिति, धारा 85 के कृषि/अकृषि ऋणों के लंबित प्रकरणों में वसूली, अकृषि ऋणों की वसूली कुल मांग एवं अद्यतन वसूली, शाखा अमानत लक्ष्य-पूर्ति, संग्रहण व पैक्स कम्प्यूटराईजेशन कार्य प्रगति की समीक्षा की। बैठक में सहायक कलेक्टर श्री गगन सिंह मीणा, समस्त शाखा प्रबंधक तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

7 जून तक अग्रिम खाद भण्डारण एवं वितरण का लक्ष्य पूर्ण करें

बैठक में सीईओ जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक श्री विशेष श्रीवास्तव ने बताया कि अग्रिम खाद भण्डारण एवं वितरण लक्ष्य का 50 प्रतिशत अभी तक पूर्ण हो चुका है। खरीफ 2024 हेतु उर्वरकों युरिया, डीएपी, कॉम्पलेक्स, पोटाश के अग्रिम भण्डारण लक्ष्य 29405 मै.टन के विरूद्ध 30 मई तक 20183 मै.टन भण्डारण किया जा चुका है। इसी के साथ खरीफ 2024 उर्वरकों के वितरण का लक्ष्य 21721 मै.टन के विरूद्ध 10766 मै.टन वितरण किया जा चुका है। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिये कि अग्रिम खाद भण्डारण एवं वितरण का सम्पूर्ण लक्ष्य 7 जून तक प्राप्त करें। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि कार्य में लापरवाही बरतने पर नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी। इसी के साथ श्री सिंह ने निर्देश दिये कि खरीफ मौसम की फसलों के लिये किसानों को सभी आवश्यक खाद, बीज आदि के वितरण में तेजी लाई जाये।

बैठक में श्री सिंह ने रबी 2023-24 शाखावार ऋण वितरण, खरीफ 2024 का शाखावार ऋण वितरण की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी शाखाएं 727 करोड़ रुपये के खरीफ फसल ऋण वितरण का शाखावार लक्ष्य समय-सीमा में प्राप्त करें।

शत-प्रतिशत ऋण वसूली पर प्रशंसा-पत्र व लापरवाही बरतने पर शोकाज नोटिस देने के निर्देश

बैठक में कृषि ऋण वसूली की समीक्षा करते हुए शाखावार ऋण वसूली व सदस्य स्तर ऋण वसूली की समीक्षा भी की गई। महिदपुर रोड शाखा प्रबंधक श्री संजय मेहता को शत-प्रतिशत ऋण वसूली करने पर सीईओ श्री श्रीवास्तव के माध्यम से प्रशंसा-पत्र जारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि ऋण वसूली में तेजी लाई जाये व ऋण वसूली में लापरवाही बरतने पर भरतपुरी शाखा प्रबंधक श्री राजेश सिंह कुशवाह, चिमनगंज मंडी शाखा प्रबंधक श्री पुरूषोत्तम तेजवानी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। इसी क्रम में उन्होंने निर्देश दिये कि जिन शाखाओं पर गबन का आरोप है उन सभी की सूची बनाकर सख्त कार्यवाही की जाये। सहकारी बैंक शाखा घट्टिया अन्तर्गत संस्था झितरखेड़ी व निपानिया गोयल में गबन की जांच में तेजी लाकर वसूली की कार्यवाही त्वरित किये जाने के निर्देश दिये।

सभी पैक्स सोसाइटियां 5 जून तक ऑनलाइन दर्ज हों

प्राथमिक कृषि ऋण समितियां (पैक्स) की समीक्षा करते हुए पैक्स के कम्प्यूटराईजेशन सम्बन्धी जानकारी ली। सीईओ श्री श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक 10 पैक्स ऑनलाइन हो चुकी हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी 169 पैक्स बुधवार 5 जून तक ऑनलाइन कर उन्हें अवगत कराया जाये।

jtvbharat
Author: jtvbharat