
इकबाल हुसैन
झाबुआ 01 जून, 2024 :- जिले में 01 जून 2024 को जिला एंव ब्लाक स्तर पर मलेरिया निरोधक माह का शुभारभ किया गया। माह का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एंव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.बी.एस.बघेल, सिविल सर्जन डॉ. एम.एल. मालवीया, आरएमओ डॉ. सावन सिंह चौहान, जिला मलेरिया अधिकारी श्री डी.एस. सिसोदिया, जिला व्हीबीडी सलाहकार श्री जितेन्द्र बघेल, सहायक मलेरिया अधिकारी श्रीमती किरण मंडलोई द्वारा मलेरिया रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर फील्ड तथा कार्यालय के समस्त कर्मचारी गण उपस्थित थे। माह जून को मलेरिया निरोधक माह के रूप में मनाये जाने का प्रमुख उद्देश्य मलेरिया रोग के बारे में आम जन में सामुदायिक जागरूकता, वाहक जनित बीमारियों के प्रसार पर नियंत्रण एंव मच्छर जन्य परिस्थितियों के समाप्तिकरण के उद्देश्य से एंव संक्रमण काल शुरू होने से पहले क्षेत्र में वाहक रोग जैसे डेंगू, चिकनगुन्या, मलेरिया नियंत्रण की तैयारी को तीव्र करना हैं। माह में जिला स्तर पर अन्तर्विभागीय कार्यशाला, विकास खंड स्तरीय एवं सेक्टर स्तरीय एडवोकेसी कार्यशाला, चयनित पंचायत में पंचायत स्तरीय कार्यशाला, मलेरिया प्रदर्शनी एंव स्कूल गतिविधि आयोजित की जावेगी। हाट बाजार में मेगा माईक द्वारा प्रचार-प्रसार एंव पम्पलेट्स का वितरण, हार्डिंग एंव बैनर का प्रदर्शन व जांच उपचार एंव औषधि के सेवन के बारें में ग्रामीण जनों को जानकारी देकर जन जागृत किया जावेगा।
चलित मलेरिया जन जागृति रथ जिला चिकित्सालय झाबुआ से प्रारंभ होकर बस स्टेण्ड, शहर के मुख्य मार्गो से निकलकर विकास खंड रानापुर के साप्ताहिक हाट बाजार एंव मलेरिया प्रभावित ग्रामों में प्रचार-प्रसार हेतु रवाना किया गया।
इस उपलक्ष्य पर जन समुदाय से अपील है कि अपने घरों के आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखें, अपने घरों में मच्छर जाली लगावें, आम जन को पूरी बांह के कपड़े तथा कीटनाशक उपचारित मच्छरदानी रात को एंव दिन में सोते समय उपयोग करें। घरों में पानी के कंटेनरों की नियमित साफ-सफाई करें। अपने घरों के आस-पास पानी को जमा न होने देवें। घरों के छतों पर बेकार टायर, फूलदान, गमलों पर अनावश्यक पानी को जमा न होने देवें एंव जमा हुए पानी को निकाल दें। स्वंय जागरूक रहे एंव अपना सहयोग मच्छर जन्य परिस्थितियों समाप्त करने मंं करें। घर के किसी भी सदस्य को बुखार आने पर खून की जाचं स्वास्थ्य कार्यकर्ता या नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर करवायें।