
जिला ब्यूरो चीफ रेखा लहासे
बुरहानपुर- आज ग्राम बोदरली से दर्यापुर तक सड़क किनारे दोनों ओर चिरोल के 850 पौधों का रोपण किया गया। वहीं 12 हजार बीज रोपित किये गये। कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल के निर्देशानुसार पर्यावरण संवर्धन के लिए ‘‘एक पेड़ माँ के नाम‘‘ अभियान के तहत पूरे जिले में पौधारोपण एवं बीज रोपण का कार्य सतत् रूप से जारी है। इसी श्रृंखला में अपर कलेक्टर वीरसिंह चौहान, डिप्टी कलेक्टर राजेश पाटीदार, शिक्षक श्री संजय राठौड़, ग्रामवासियों व स्कूली विद्यार्थियों द्वारा 850 चिरोल के पौधे व 12 हजार पलाश के बीजों का रोपण किया गया।इस अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्कूली विद्यार्थियों द्वारा तिरंगा रैली भी निकाली गई। अपर कलेक्टर श्री चौहान ने चिरोल का पौधा सड़क किनारे लगाने महत्व बताया। उन्होंने कहा कि, यह पौधा मिट्टी के क्षरण को रोकने में सहायक होता हैं, जिससे सड़क के किनारे की मिट्टी मजबूत बनी रहती है। भूक्षरण की समस्या कम होती है। गर्मी में भी कम पानी में भी हराभरा रहता है। इसे पशु भी नुकसान नहीं पहुँचाते तथा बहुत ही घना पेड़ बनता है। इसके अलावा चिरोल के पेड़ में पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने की क्षमता होती है। यह हवा को शुद्ध करने में सहायक होता है। सड़क किनारे चिरोल लगाने से स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को भी लाभ मिलता है, क्योंकि यह पौधा कई प्रकार के कीड़ों और छोटे जीवों के लिए एक आवास प्रदान करता है। इसके औषधीय गुणों के कारण यह पौधा आस-पास के समुदायों के लिए भी उपयोगी हो सकता है, क्योंकि इसकी पत्तियों और जड़ों का उपयोग विभिन्न बीमारियों के उपचार में किया जा सकता है।डिप्टी कलेक्टर श्री राजेश पाटीदार ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम बोदरली से दर्यापुर तक 850 चिरोल के पौधे रोपित किये गये। साथ ही बोदरली, डोंगरगांव व दर्यापुर के विद्यार्थियों द्वारा तिरंगा रैली में एक हाथ में तिरंगा ओर दूसरे हाथ से बीजारोपण किया गया। उन्होंने कहा कि अब तक जहां-जहां पौधे रोपित किये गये है। वहाँ पौधों को पानी देने की व्यवस्था ग्रामवासियों, गायत्री परिवार तथा ग्राम पंचायत द्वारा किया जायेगा। इस दौरान नायब तहसीलदार श्री राजेंद्र सिंग चौहान, गायत्री परिवार के श्री मनोज तिवारी, पटवारीगण, बोदरली डोंगरगांव व दर्यापुर के ग्रामीणजन, गायत्री परिवार, विश्व हिन्दू गौर बंजारा समिति 90 शिक्षक और लगभग 500 विद्यार्थियों ने पौधारोपण और बीजारोपण कार्य में सहभागिता की।