
इंदौर के एरोड्रम इलाके में शादीशुदा युवक वहीं रहने वाली एक युवती से मोबाइल पर बात करता था। शादीशुदा होने के चलते युवती के परिवार को यह बात ठीक नहीं लगी। इसके चलते उन्होंने युवक को एरोड्रम इलाके में घेरकर चाकू मारे। सड़क पर मरा हुआ छोड़कर भाग गए। बाद में युवक को गंभीर हालत में एमवाय भेजा गया। यहां उसका एमवाय में उपचार चल रहा है। एरोड्रम पुलिस ने हेमा राणा की शिकायत पर कमल सिंह चौहान, उसके बेटे युवराज और राज पर 109 3(5) की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अजय पुत्र सुमेर सिंह राणा, निवासी गांधी पैलेस चंदन नगर पर एरोड्रम इलाके के 60 फीट रोड पर मंगलवार को चाकू से हमला कर दिया। हेमा राणा ने बताया कि अजय उसका पति है। जिसे गाल, पेट, सिर और अन्य जगह चाकू लगे हैं। पुलिस के मुताबिक अजय राणा आरोपी की बेटी से मोबाइल पर बात करता था। पूर्व में इस बात को लेकर विवाद भी हुआ था। परिवार ने इस बात को लेकर हिदायत दी थी। लेकिन अजय नहीं माना। इसके बाद आरोपियों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। उसका आईसीयू में उपचार चल रहा है।