
उपस्थित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
//////////////////////
राजेश लोधी (गोलू)/ जिला ब्यूरो चीफ
/////////////////////
अशोकनगर/ चंदेरी में आगामी 26 अगस्त 2024 को मुख्यमंत्री मोहन यादव के आगमन की तैयारी जोरों पर है। इस अवसर पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में कृषि उपज मंडी प्रांगण में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव भाग लेकर जनसभा को संबोधित करेंगे तथा साथ ही कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुंगावली विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव ने सभा स्थल का निरीक्षण किया। विधायक बृजेंद्र सिंह यादव ने सभा स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों के साथ व्यवस्था संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने सभा स्थल पर आवश्यक सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, और जनसमुदाय के बैठने की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए।
विधायक बृजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि सभा स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाओं का उचित प्रबंधन हो। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रकार की चूक न हो, और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
अधिकारियों ने भी विधायक को आश्वस्त किया कि सभी तैयारियां सुचारू रूप से चल रही हैं और समय पर पूरी कर ली जाएंगी। इस निरीक्षण के दौरान विधायक ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री के स्वागत और जनता की सुविधा के लिए विशेष रूप से सतर्क रहने का निर्देश दिया।
विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव के इस निरीक्षण से आयोजन की तैयारियों में और भी तेजी आने की उम्मीद है, जिससे मुख्यमंत्री के आगमन के समय सभी व्यवस्थाएं बेहतर रूप में उपलब्ध हो सकेंगी।