स्कूलों में धूमधाम से मना जन्माष्टमी पर्व

जिला ब्यूरो चीफ रेखा लहासे

बुरहानपुर- पूरे जिले में जन्माष्टमी के अवसर पर कई धार्मिक आयोजन हुए। स्कूलों में जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। सभी शासकीय स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित रहे। स्कूलों में छात्र-छात्राओं ने मटकी तोड़कर हर्षाेल्लास से श्रीकृष्ण का जन्म उत्सव मनाया। शालाओं में श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक नृत्य, रंगोली-चित्रकला प्रतियोगिता, खेलकूद गतिविधियां, व्याख्यान माला आदि विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों को श्रीकृष्ण की शिक्षा, मित्रता के प्रसंग, जीवन दर्शन, भारतीय विशिष्ट परंपराओं आदि से अवगत कराया गया। इस दौरान शालाओं में शिक्षकों और स्कूली छात्र-छात्राओं सभी ने उत्साह से कार्यक्रम में भाग लिया और पूरा माहौल आनंदमय रहा। शासकीय हाईस्कूल शनवारा में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर गरबा और व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। वही खकनार विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोईफोडिया में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण जी की आरती एवं विधिवत रूप से पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। छात्र-छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमो की प्रस्तुति दी।कार्यक्रम के समापन पर छात्र-छात्रों को माखन मिश्री एवं मिठाई का प्रसाद भी बांटा गया।

jtvbharat
Author: jtvbharat